‘अहंकार इंसान के संस्कारों को बिगाड़ देता है’, शंकराचार्य विवाद मामले में अखिलेश यादव का तीखा वार

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा सदन में मुख्यमंत्री द्वारा दी गई स्पीच पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि अहंकार इंसान के संस्कारों को बिगाड़ देता है और जब अहंकार बोलता है, तो मर्यादा की सारी सीमाएं टूट जाती हैं।

‘शंकराचार्य का अपमान शाब्दिक हिंसा है’

अखिलेश यादव ने शंकराचार्य के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि परम पूज्य शंकराचार्य जी के बारे में अपशब्द बोलना न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह एक ‘शाब्दिक हिंसा’ और पाप भी है। उन्होंने उन विधायकों को भी निशाने पर लिया जिन्होंने इस दौरान मेजें थपथपाईं। अखिलेश ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “जब ये विधायक जनता के बीच जाएंगे, तो लोग सड़क पर ही इनका ‘सदन’ लगाकर जवाब मांगेंगे।”

भ्रष्टाचार और मुआवजे पर उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने महाकुंभ के दौरान हुई मौतों और मुआवजे को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मौतों के सच्चे आंकड़े छिपाए हैं। नकद (कैश) में मुआवजा बांटकर भ्रष्टाचार का नया रास्ता निकाला गया। जिन तक पैसा नहीं पहुंचा, सरकार उसका हिसाब नहीं दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अपने ऊपर लगे मुकदमे खुद हटवाते हैं, उन्हें किसी और के ‘धर्म-पद’ पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

“कानून का शासन” बनाम “विधि का शासन”

सदन में इस्तेमाल किए गए शब्दों पर चुटकी लेते हुए अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ‘कानून का शासन’ शब्द का प्रयोग किया है। उन्होंने मजाकिया लहजे में पूछा, “जैसे ही उनका ध्यान इस पर जाएगा, क्या वे ‘विधि का शासन’ बोलने के लिए दोबारा सदन बुलाएंगे या एक पैर पर खड़े होकर इसका प्रायश्चित करेंगे?”

अखिलेश यादव ने अपनी बात को एक बड़े राजनीतिक संदेश के साथ खत्म किया। उन्होंने कहा कि जिस समाज के खिलाफ नफरत की राजनीति की जा रही है, वही समाज अगले चुनाव में एक-एक वोट डालकर इस अपमान का बदला लेगा। उन्होंने कहा, “जनता इस सरकार को हटाकर नई सरकार बनाएगी और फिर इत्मीनान से मिल-जुलकर बेधड़क ‘दाल-बाटी’ खाएगी।” अखिलेश ने अंत में कहा कि शंकराचार्य जी पर दिया गया यह अभद्र बयान सदन के इतिहास में दर्ज हो गया है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

Also Read: लखनऊ: गोमती नगर विस्तार को LDA की सौगात, सरस्वती अपार्टमेंट के पास बनेगा भव्य कम्युनिटी सेंटर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.