फडणवीस का राहुल गांधी पर तीखा तंज, बोले- राहुल गांधी को AI की सबसे ज्यादा जरूरत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया। दरअसल, राहुल गांधी ने इस अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन को महज एक ‘पीआर तमाशा’ करार दिया था। इस पर टिप्पणी करते हुए फडणवीस ने कहा कि एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की सबसे ज्यादा जरूरत तो खुद राहुल गांधी को ही है।
HI कम हो जाए तो AI काम आता है
फडणवीस ने चुटकी लेते हुए कहा, एआई की सबसे ज्यादा जरूरत राहुल गांधी को है, क्योंकि कई बार जब ह्यूमन इंटेलिजेंस (HI) कम या नगण्य हो जाता है, तब एआई ही सपोर्ट कर सकता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस समिट का महत्व बहुत बड़ा है क्योंकि यह पूरी दुनिया के सामने भारत की तकनीकी शक्ति और भविष्य की संभावनाओं को पेश कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने समिट के दौरान बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने कृषि क्षेत्र में एआई के इस्तेमाल को लेकर क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर एआई को किसानों की जरूरतों के हिसाब से बनाया जाए, तो वे इसे अपनाने के लिए उत्साहित हैं।
फडणवीस ने उदाहरण दिया कि कैसे कपास उत्पादक किसानों को जियोस्पेशियल एनालिटिक्स के जरिए कीटों के हमले की समय से पहले चेतावनी दी गई, जिससे फसल का भारी नुकसान होने से बच गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्लोबल साउथ (विकासशील देशों) के लिए खेती सिर्फ पैसा कमाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह उनकी सामाजिक स्थिरता और राष्ट्रीय सुरक्षा का आधार है।

