भिवंडी कोर्ट में राहुल गांधी की पेशी, टोल नाका पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी शनिवार को आरएसएस (RSS) मानहानि मामले में महाराष्ट्र की भिवंडी कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान शहर में तनाव और नारेबाजी का माहौल रहा। राहुल गांधी के काफिले को उस वक्त विरोध का सामना करना पड़ा, जब मुलुंड टोल नाका पर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए।
राहुल गांधी के वकील नारायण अय्यर ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत आज एक नया जमानतदार (Surety) पेश किया गया। पहले पूर्व मंत्री शिवराज पाटिल राहुल के जमानतदार थे, लेकिन उनके निधन के बाद अब महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल नए जमानतदार बने हैं। वकील ने साफ कर दिया कि राहुल गांधी अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगेंगे और कोर्ट में ट्रायल का सामना करेंगे।
मामले के शिकायतकर्ता और आरएसएस स्वयंसेवक राजेश कुंटे ने कहा कि राहुल गांधी ने गांधी जी की हत्या को लेकर संघ पर जो आरोप लगाए थे, वे पूरी तरह गलत हैं। कुंटे ने कहा, हमने राहुल गांधी को माफी मांगने का मौका दिया था, लेकिन वह नहीं माने। हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं जो हम कोर्ट में पेश करेंगे। मेरा पूरा परिवार संघ से जुड़ा है और हम इस अपमान के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।
वहीं दूसरी तरफ, दिल्ली के भारत मंडपम में AI समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की आज कोर्ट में पेशी थी। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव खुद कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने कोर्ट पहुंचे।
Also Read: ट्रंप का नया दांव, सुप्रीम कोर्ट के झटके के बाद 10 फीसदी ग्लोबल टैरिफ का ऐलान

