दिल्ली पर हमले की तैयारी कर रहा Lashkar, ये मंदिर है निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी नई दिल्ली में एक बार फिर आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। खुफिया सूत्रों के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar) राजधानी में बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। बताया जा रहा है कि आतंकियों के निशाने पर खासकर लाल किले के आसपास का इलाका और चांदनी चौक का प्रमुख मंदिर हो सकता है।
IED हमले की साजिश की आशंका
सूत्रों के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar) के आतंकी आईईडी हमले की योजना बना रहे हैं। खुफिया इनपुट में संकेत मिले हैं कि 6 फरवरी को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह संगठन भारत में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सुरक्षा एजेंसियां इस इनपुट को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और संभावित ठिकानों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी
वहीं इनपुट मिलते ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख मंदिरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है। एजेंसियों का मानना है कि किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए पहले से तैयारी जरूरी है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
10 नवंबर 2025 का लाल किला ब्लास्ट
दरअसल राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर 2025 की शाम लाल किले के पास एक बड़ा ब्लास्ट हुआ था। इस धमाके में कई लोग उसकी चपेट में आ गए थे और कई गाड़ियां जलकर खाक हो गई थीं। उस घटना में कई लोगों की मौत हुई थी जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। यह विस्फोट एक कार में हुआ था जो धमाके से पहले करीब तीन घंटे तक लाल किला क्षेत्र की पार्किंग में खड़ी रही थी। इस आतंकी हमले के बाद देशभर के कई इलाकों में छापेमारी की गई थी और कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था।
इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला
गौरतलब हो कि 6 फरवरी को इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान एक बड़ा धमाका हुआ था। यह विस्फोट शहजाद टाउन इलाके में स्थित टेरलाई इमाम बारगाह में हुआ था। नमाज अदा किए जाने के दौरान एक आत्मघाती हमलावर ने अंदर प्रवेश करने के बाद गेट के पास खुद को उड़ा लिया था। इस हमले में कई लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
वहीं राजधानी दिल्ली में मिले ताजा इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए अलर्ट मोड में हैं। लाल किला और चांदनी चौक जैसे संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए संभावित खतरे से निपटने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। Lashkar से जुड़े इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है।
Also Read: भिवंडी कोर्ट में राहुल गांधी की पेशी, टोल नाका पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे

