ओडिशा में ट्रक और बोलेरो में टक्कर, ड्यूटी पर लौट रहे 5 पुलिसकर्मियों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार सुबह मातम पसर गया। सदर पुलिस स्टेशन के ठीक सामने एक बेकाबू ट्रेलर ट्रक और पुलिसकर्मियों की बोलेरो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पांच जांबाज पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के मुताबिक, ये सभी पुलिसकर्मी एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपनी ड्यूटी पर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बोलेरो झारसुगुड़ा सदर थाने के पास पहुँची, लोहे की छड़ों से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी

काशीराम भोई (APR)

निरंजन कुजूर (ड्रिल सब-इंस्पेक्टर)

देबदत्त सा (APR)

लिंगराज धुरुआ (APR हवलदार)

भक्तबंधु मिर्धा (होम गार्ड)

घायल पुलिसकर्मियों दुबराज मिरिग, आकाश नायक और राजीव भारसागर का इलाज फिलहाल जिला मुख्यालय अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि वे पिछले 20 साल से नेशनल हाईवे-49 को ‘दो लेन’ से ‘चार लेन’ बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार और NHAI की कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। यह सड़क छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और मुंबई जैसे बड़े शहरों को जोड़ती है और यहाँ हर दिन हजारों भारी वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क चौड़ी न होने के कारण यहाँ आए दिन मौतें होती रहती हैं।

Also Read: Prayagraj News: अविमुक्तेश्वरानंद पर पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज, नाबालिगों के यौन शोषण और धमकी का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.