बहराइच: घर के सामने सफाई कर रहे परिवार पर पड़ोसियों का धावा, कई घायल, एक गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के कैसरगंज थाना अंतर्गत बदरौली गांव में शुक्रवार की सुबह जमकर बवाल हुआ। जमीन के पुराने विवाद को लेकर पड़ोसियों ने एक परिवार पर उस समय हमला कर दिया, जब वे अपने घर के सामने साफ-सफाई कर रहे थे। इस मारपीट में महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर दूसरे पक्ष को जमकर पीटा।
शादी की तैयारियों के बीच हमला
पीड़ित परिवार की ममता पांडे ने बताया कि उनके घर में आगामी 11 मार्च को विवाह समारोह है। इसी की तैयारी के लिए उनके जेठ बाल गोपाल पांडे शुक्रवार सुबह घर के सामने सफाई कर रहे थे। तभी अचानक पड़ोसी पक्ष के लोग लाठी-डंडों के साथ आ धमके और उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए दौड़े, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।
जमीन का पुराना विवाद है वजह
बताया जा रहा है कि गांव के शिवशंकर पांडे और उनके पड़ोसी कृष्णा पांडे के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है। ममता पांडे का आरोप है कि उनकी अपनी जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को भी विरोधियों ने रुकवा दिया था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तहसील प्रशासन ने समय रहते दखल नहीं दिया, तो यह विवाद किसी बड़ी अनहोनी का सबब बन सकता है।

पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता ने कैसरगंज थाने में कृष्ण गोपाल पांडे, श्रवण कुमार और प्रवेश देवी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। थाना प्रभारी राजेश शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मारपीट में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
Also Read: संजय सिंह का पीएम मोदी पर सीधा वार, पूछा- ‘क्या अब देश से माफी मांगेंगे प्रधानमंत्री?

