Greater Noida News: होली के जश्न के बीच सोसायटी गार्ड्स ने निवासियों पर चलाईं लाठियां, वायरल वीडियो
Greater Noida News: गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा स्थित श्री राधा स्काई गार्डेन्स सोसायटी में होली के दिन खुशियों की जगह चीख-पुकार मच गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि सुरक्षा गार्डों ने अपना आपा खो दिया और निवासियों पर लाठियों से हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरी सोसायटी में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोसायटी के लोग होली खेल रहे थे, तभी किसी बात को लेकर कुछ युवकों और सुरक्षा गार्डों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते बहस धक्का-मुक्की में बदल गई। इसी बीच कुछ गार्ड हाथ में लाठियां लेकर पहुंचे और निवासियों को पीटना शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गार्ड्स किस तरह लाठियां चला रहे हैं। घटना के वक्त वहां महिलाएं और छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जो डरे-सहमे इधर-बचाव के लिए भागते नजर आए। कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश कर रहे थे, लेकिन माहौल इतना हिंसक हो चुका था कि किसी की एक न चली।
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से शिकायत (तहरीर) मिलने की बात कही जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर हमलावर गार्ड्स की पहचान की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और क्या गार्ड्स ने जानबूझकर हिंसा भड़काई।
Greater Noida West की Shri Radha Sky Gardens सोसायटी में होली के दिन बवाल 🚨
सुरक्षा गार्ड और निवासियों के बीच झड़प, गार्डों ने लाठियों से कुछ निवासियों को पीटा। pic.twitter.com/igWpGR9Q2R— Greater Noida West (@GreaterNoidaW) March 4, 2026
सोसायटी की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने हाई-राइज सोसायटियों में तैनात प्राइवेट सुरक्षा गार्डों के व्यवहार और उनके प्रशिक्षण पर एक नई बहस छेड़ दी है। निवासियों का कहना है कि जिन गार्ड्स को उनकी सुरक्षा के लिए रखा गया है, वे ही उन पर लाठियां बरसा रहे हैं। लोगों ने सोसायटी प्रबंधन के खिलाफ भी रोष व्यक्त किया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

