Bulandshahr News: मेले से नाबालिग का अपहरण कर जंगल में सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने 3 नामजद समेत 4 आरोपियों को दबोचा
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के चोला थाना क्षेत्र में एक साढ़े सोलह वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बुधवार शाम की है, जब पीड़िता अपने परिवार के साथ पड़ोसी गांव में आयोजित एक धार्मिक मेले को देखने गई थी।
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मेले के दौरान एक युवक ने अचानक किशोरी का मुंह दबाकर उसे अगवा कर लिया। आरोपी उसे जबरन एक कार में डालकर पास के जंगल में ले गए। वहां दो युवकों ने किशोरी के साथ गैंगरेप किया, जबकि दूसरी कार में सवार दो अन्य युवकों ने भी उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की।
परिचित बनकर दिया झांसा
हैरानी की बात यह है कि आरोपियों में से एक ने किशोरी के सामने उसके चाचा का नाम लिया, जिससे साफ होता है कि आरोपी किशोरी के परिवार के बारे में पहले से जानकारी रखते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किशोरी को बेहोशी की हालत में वापस मेले के पास छोड़कर फरार हो गए।
बेहोशी की हालत में मिली मासूम
काफी देर तक जब किशोरी नहीं मिली, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। वह मेले के पास बदहवास और बेहोश मिली। होश आने पर उसने आपबीती सुनाई और एक आरोपी की पहचान भी की। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में निम्नलिखित आरोपियों दिपांशु यादव (निवासी सिकंदराबाद), प्रिंस यादव (निवासी गाजियाबाद), सुनील यादव (निवासी पचौता) और एक अन्य अज्ञात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Also Read: UP News: BJP MLC को 1.5 घंटे तक रखा ‘डिजिटल अरेस्ट’, ATS अधिकारी बनकर की वीडियो कॉल

