Lucknow News: इन्दिरा नगर में युवक को मारी गोली, मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके इन्दिरा नगर में गुरुवार शाम आपसी विवाद के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। बदमाशों ने युवक के पैर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

बता दें कि ये घटना 05 मार्च 2026 की शाम लगभग चार बजे इन्दिरा नगर थाना क्षेत्र के मानस ग्रीन चौकी (सुग्गामऊ) के पास हुई। घायल की पहचान विकास चौधरी उर्फ विक्की (25 वर्ष), पुत्र प्रवेश चौधरी, निवासी दीनदयाल पुरम, इन्दिरा नगर के रूप में हुई है।

विवाद और हमला

प्राथमिक जांच और पीड़ित के बयान के अनुसार विकास चौधरी को रास्ते में मोहम्मद आलम और उसके 3-4 अन्य साथियों ने रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज और मारपीट हुई। इसी दौरान हमलावरों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली विकास के पैर में जा लगी।

सूचना मिलते ही इन्दिरा नगर पुलिस मौके पर पहुँची और घायल विकास को तत्काल उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल युवक की स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है। घटना के बाद से ही पीड़ित के परिजन अस्पताल और मौके पर मौजूद हैं।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद आलम को हिरासत में ले लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Also Read: UP News: अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक शेषनाथ पांडेय बर्खास्त, जानिए मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.