जाने, कौन हैं तीसरे प्रयास में UPSC टॉप करने वाले अनुज अग्निहोत्री ?

UPSC Topper Anuj Agnihotri : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सर्विस परीक्षा 2026 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार राजस्थान के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और अकांश ढुल तीसरे स्थान पर रहे हैं।

आयोग के अनुसार इस साल कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं के लिए चुना गया है। इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS), इंडियन फॉरेन सर्विस (IFS), इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) समेत केंद्र सरकार की ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’ सेवाओं में की जाएगी। रिजल्ट शुक्रवार, 6 मार्च को घोषित किया गया।

जाने, कौन हैं तीसरे प्रयास में UPSC टॉप करने वाले अनुज अग्निहोत्री ?

कौन हैं टॉपर अनुज अग्निहोत्री

UPSC CSE 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाले डॉ. अनुज अग्निहोत्री राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई रावतभाटा में ही की और आगे की पढ़ाई के लिए जोधपुर चले गए।

अनुज ने AIIMS जोधपुर से MBBS की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2023 में मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।

तीसरे प्रयास में मिली सफलता

अनुज ने तीसरे प्रयास में UPSC की परीक्षा पास कर टॉप किया है। इससे पहले उन्हें दिल्ली और केंद्र शासित प्रदेश कैडर में उपखंड अधिकारी (Sub-Divisional Officer) के पद पर नियुक्ति भी मिल चुकी थी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और इस बार पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया।

पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि

अनुज ने अपनी स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, रावतभाटा से पूरी की। उनके पिता के.बी. अग्निहोत्री रावतभाटा में ऑपरेशंस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं।

पढ़ाई के साथ-साथ अनुज को टेबल टेनिस खेलने का भी शौक है। उन्होंने 12वीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।

रोजाना 8 घंटे करते थे पढ़ाई

एक मीडिया इंटरव्यू में अनुज ने बताया कि वह औसतन रोज करीब 8 घंटे पढ़ाई करते थे। उनका कहना है कि जो काम वह डॉक्टर के रूप में कर सकते थे, वही काम वह आईएएस अधिकारी बनकर और बेहतर तरीके से समाज के लिए कर पाएंगे।

सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, “ईमानदारी से मेहनत करते रहिए, सफलता जरूर मिलेगी।”

Get real time updates directly on you device, subscribe now.