कॉलेज के दिनों से था वर्दी का जुनून, जानें कौन हैं UPSC की सेकेंड टॉपर राजेश्वरी सुवे एम

Sandesh Wahak Digital Desk: संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग ने 6 मार्च 2026 की दोपहर परिणाम घोषित किया, जिसके साथ ही देश के सबसे प्रतिष्ठित और कठिन माने जाने वाले इस एग्जाम का इंतजार खत्म हो गया। इस बार राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करते हुए परीक्षा में टॉप किया है, जबकि तमिलनाडु की राजेश्वरी सुवे एम ने ऑल इंडिया रैंक-2 प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया है।

डिप्टी कलेक्टर हैं राजेश्वरी सुवे एम

UPSC CSE 2025 में ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल करने वाली राजेश्वरी सुवे एम तमिलनाडु के मदुरई की रहने वाली हैं। वे वर्तमान में डिप्टी कलेक्टर की ट्रेनिंग ले रही हैं। इस जिम्मेदारी को निभाते हुए उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी और पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की।

IPS बनने का सपना देख रही हैं राजेश्वरी

राजेश्वरी सुवे एम ने इलेक्ट्रॉनिक्स में ग्रेजुएशन किया है। फिलहाल वे डिप्टी कलेक्टर हैं, लेकिन उनका लक्ष्य इंडियन पुलिस सर्विस यानी IPS में शामिल होना है। UPSC CSE 2025 में AIR-2 रैंक हासिल करने वाली राजेश्वरी का कहना है कि वर्दी पहनने का सपना उनके कॉलेज के दिनों से ही रहा है।

कॉलेज के दिनों से वर्दी का रहा जुनून

एक इंटरव्यू में राजेश्वरी सुवे एम ने बताया था कि वे कॉलेज के समय NCC कैडेट थीं। इसी दौरान उनमें वर्दी पहनने का जुनून पैदा हुआ। यही वजह है कि वे प्रशासनिक सेवा में होने के बावजूद वर्दी वाली नौकरी यानी IPS जॉइन करना चाहती हैं।

958 उम्मीदवारों की हुई सिफारिश

UPSC CSE 2025 के फाइनल रिजल्ट में कुल 958 उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है, जबकि 258 उम्मीदवारों को कंसोलिडेटेड रिजर्व लिस्ट में रखा गया है। इस परीक्षा के मेन एग्जाम 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच आयोजित किए गए थे और इसका रिजल्ट नवंबर 2025 में जारी किया गया था।

मेन परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को फरवरी 2026 में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था, जो 27 फरवरी तक चले। आयोग के अनुसार सभी उम्मीदवारों का स्कोरकार्ड अगले 15 दिनों के भीतर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा।

 

Also Read: Lucknow News: पुलिस ने जानलेवा हमले के फरार आरोपी को दबोचा, धारदार हथियार से किया था हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.