Lucknow News: तूबा के सपनों को मिले पंख, ‘मुख्यमंत्री युवा योजना’ से जुड़कर बनाया ‘सॉइल कॉन्सेप्ट’ ब्रांड
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ योजना प्रदेश के युवाओं की तकदीर बदल रही है। इसी कड़ी में लखनऊ की रहने वाली बायोटेक्नोलॉजिस्ट तूबा की कहानी आज हर उस युवा के लिए प्रेरणा है जो अपना खुद का काम शुरू करना चाहता है। तूबा ने ‘सॉइल कॉन्सेप्ट’ (Soil Concept) ब्रांड के जरिए पर्यावरण के अनुकूल और केमिकल-मुक्त सौंदर्य उत्पाद तैयार कर बाजार में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
कैसे शुरू हुआ सफर?
तूबा का लक्ष्य था कि वे रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले पर्सनल केयर उत्पादों को पूरी तरह प्राकृतिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाएं। हालांकि, शुरुआत में उनके सामने कच्चा माल जुटाने और महंगी मशीनरी खरीदने की बड़ी चुनौती थी। इसी दौरान उन्हें ‘मुख्यमंत्री युवा योजना’ के बारे में पता चला।
बिना गारंटी और ब्याज के मिला ₹5 लाख का साथ
तूबा ने बताया कि उन्होंने इंटीग्रेटेड फाउंडेशन के माध्यम से इस योजना के लिए आवेदन किया और उन्हें महज 15 दिनों के भीतर 5 लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण मिल गया। सबसे बड़ी राहत की बात यह थी कि इसके लिए उन्हें किसी बैंक गारंटी की जरूरत नहीं पड़ी।
आज तूबा के पिटारे में कई बेहतरीन उत्पाद हैं।
हर्बल रेंज: शैम्पू, कंडीशनर, हेयर सीरम और हर्बल हेयर ऑयल।
स्किन केयर: बॉडीवाश, लोशन और खास तौर पर हाथ से बने (Handmade) साबुन।
खुद बनीं बॉस, दूसरों को दिया रोजगार
तूबा अब केवल एक उद्यमी नहीं हैं, बल्कि वे एक नियोक्ता (Employer) भी बन गई हैं। उनके इस स्टार्टअप में आज 4 महिलाओं समेत कुल 7 लोग काम कर रहे हैं। उनके उत्पाद देशभर के 50 से अधिक आउटलेट्स और बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं, जिससे उन्हें बेहतरीन आय हो रही है।
हर साल 1 लाख युवा उद्यमी बनाने का लक्ष्य
योगी सरकार का विजन बिल्कुल स्पष्ट है युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना।
योजना का लाभ: 21 से 40 वर्ष के युवाओं को पहले चरण में ₹5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण मिलता है।
अगला कदम: अगर पहला लोन समय पर चुका दिया जाए, तो दूसरे चरण में ₹10 लाख तक की मदद ली जा सकती है।
लक्ष्य: सरकार का इरादा हर साल 1 लाख नए उद्यमी तैयार कर कुल 10 लाख सूक्ष्म इकाइयां स्थापित करने का है।
Also Read: यूपी में समय पर होगा पंचायत चुनाव, मंत्री ओम प्रकाश राजभर बोले- 15 अप्रैल को आएगी अंतिम मतदाता सूची

