PM मोदी ने दिल्ली को दी 33,500 करोड़ की सौगात, नमो भारत की गति से बदलेगी राजधानी की सूरत
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए कहा कि दिल्ली केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की ऊर्जा और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब दुनिया भारत की ओर देखती है, तो उसके मन में दिल्ली की ही तस्वीर उभरती है, इसलिए इसका विकास पूरे देश की छवि को निखारने जैसा है।
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि दिल्ली मेट्रो के फेज-4 का विस्तार रही। पीएम ने दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया और तीन नए रूटों की आधारशिला रखी। मजलिस पार्क से मौजपुर (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर अब जनता के लिए खुल गए हैं। इससे बुराड़ी, भजनपुरा और यमुना विहार जैसे इलाकों के लाखों लोगों को सीधा फायदा होगा।
आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से टी-1 एयरपोर्ट और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज के बीच बनने वाले नए रास्तों की नींव रखी गई। दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क अब 375 किलोमीटर को पार कर गया है, जो दुनिया के कई बड़े शहरों के मुकाबले कहीं अधिक बड़ा और आधुनिक है।
NCR के लिए आसान होगा सफर
प्रधानमंत्री ने कहा कि नमो भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों और मेट्रो के विस्तार से अब गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम के लोगों के लिए दिल्ली आना-जाना बेहद सरल हो गया है। विशेष रूप से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के निवासियों के लिए रोजाना का सफर अब पहले से कहीं अधिक आरामदायक और तेज होगा।
Also Read: “पिताजी पर देश और बिहार को गर्व”, JDU में शामिल हुए नीतीश के बेटे Nishant Kumar

