पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी से अफगान मार्केट में लगी आग, 150 से ज्यादा दुकानें राख
Sandesh Wahak Digital Desk: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी जंग अब व्यापारिक ठिकानों को अपना निशाना बना रही है। रविवार तड़के तोरखम इलाके में स्थित एक व्यस्त कमर्शियल मार्केट में पाकिस्तानी सेना द्वारा दागे गए गोले गिरने से भीषण आग लग गई। इस घटना ने सीमावर्ती व्यापारियों और स्थानीय लोगों की कमर तोड़ दी है।
तोरखम के मेयर मावलवी अब्दुल्ला मुस्तफा के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4 बजे सीमा पार से शहर की ओर कई गोले दागे गए। इनमें से कुछ गोले सीधे मार्केट कॉम्प्लेक्स में जा गिरे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और 150 से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
300 मिलियन का आर्थिक नुकसान
मार्केट के मालिक और स्थानीय व्यापारियों का अनुमान है कि इस आगजनी से अफगानिस्तान को लगभग 300 मिलियन (स्थानीय मुद्रा) का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। तोरखम बॉर्डर दोनों देशों के बीच व्यापार का सबसे मुख्य रास्ता है, और इस तरह के हमलों से व्यापारिक गतिविधियों पर गहरा संकट मंडराने लगा है। यह ताजा हमला उस वक्त हुआ है जब दोनों देशों के बीच सैन्य झड़पें अपने चरम पर हैं।
तालिबान का दावा: अफगान रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह ख्वारजमी ने दावा किया है कि डूरंड लाइन पर हुई हालिया लड़ाई में तालिबान लड़ाकों ने पाकिस्तान की कई सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया और लगभग 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया।
जवाबी कार्रवाई: यह तनाव तब शुरू हुआ जब 21 फरवरी को पाकिस्तान ने अफगान सीमा के भीतर कथित आतंकी ठिकानों पर हमला किया था, जिसके जवाब में तालिबान ने 27 फरवरी से मोर्चा खोल दिया।
Also Read: मुख्यमंत्री युवा योजना के सहारे प्रभनूर ने खड़ा किया कारोबार, दूसरों को दिया रोजगार

