Spain में काम करने का सुनहरा मौका, भारतीय युवाओं के लिए खुला लैंग्वेज एंड कल्चर असिस्टेंट प्रोग्राम
Sandesh Wahak Digital Desk: विदेश में काम करने और अच्छी सैलरी पाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। स्पेन (Spain) की सरकार भारतीय युवाओं को अपने स्कूलों में अंग्रेजी भाषा से जुड़ा काम करने का अवसर दे रही है। खास बात यह है कि इसके लिए किसी तरह की भारी भरकम फीस नहीं देनी होगी और चयन होने पर अच्छा स्टाइपेंड भी मिलेगा। इस प्रोग्राम के तहत चुने गए उम्मीदवार स्पेन के स्कूलों में शिक्षकों की मदद करेंगे और भाषा सीखने-सिखाने के माहौल को बेहतर बनाने में सहयोग देंगे। अगर किसी को अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ है और विदेश में अनुभव हासिल करना चाहता है, तो यह अवसर उसके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
इस प्रोग्राम के तहत मिलेगा अवसर
दरअसल स्पेन (Spain) का शिक्षा मंत्रालय लैंग्वेज एंड कल्चर असिस्टेंट प्रोग्राम यानी LCAP के जरिए विदेशी युवाओं को अपने स्कूलों में काम करने का मौका देता है। इस प्रोग्राम के तहत भारतीय नागरिक भी आवेदन कर सकते हैं। फिलहाल 2026–27 शैक्षणिक सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और इसके लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में चयनित उम्मीदवार सीधे छात्रों को पढ़ाने के बजाय स्कूलों के शिक्षकों की मदद करेंगे। उनका काम क्लासरूम गतिविधियों में सहयोग देना, कोर्सवर्क तैयार करने में सहायता करना और अंग्रेजी भाषा से जुड़े शैक्षणिक कार्यों में मदद करना होगा।
आवेदन के लिए तय पात्रता
इस प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं। आवेदन करने वाला उम्मीदवार भारतीय नागरिक होना चाहिए। आवेदक के पास ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए या वह बैचलर्स के अंतिम वर्ष में पढ़ रहा होना चाहिए। अंग्रेजी भाषा का स्तर C1 होना जरूरी है, जिसे IELTS या TOEFL जैसे टेस्ट स्कोर के माध्यम से साबित करना होगा। इसके अलावा स्पेनिश भाषा का कम से कम A2 स्तर का ज्ञान भी आवश्यक है। उम्मीदवार का पुलिस रिकॉर्ड साफ होना चाहिए और वह पूरी तरह स्वस्थ होना चाहिए।
इंटरव्यू के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
Spain के इस प्रोग्राम में आवेदन करने से पहले प्री-सेलेक्शन इंटरव्यू देना जरूरी होता है। इसके लिए स्पेन के शिक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर जाकर एक फॉर्म भरना पड़ता है। इस फॉर्म में पासपोर्ट नंबर, पासपोर्ट की स्कैन कॉपी, अंग्रेजी भाषा के टेस्ट स्कोर और स्पेनिश भाषा के सर्टिफिकेट जैसी जानकारी देनी होती है। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों का इंटरव्यू ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे ज़ूम या टीम्स के जरिए लिया जाता है। इंटरव्यू पास करने के बाद ही आगे की आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
स्टाइपेंड और अन्य सुविधाएं
दरअसल Spain के इस प्रोग्राम के तहत चयनित उम्मीदवारों को हर महीने लगभग 800 से 1000 यूरो तक स्टाइपेंड दिया जाता है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 85 हजार से 1 लाख रुपये के बराबर होता है। काम का समय भी ज्यादा नहीं होता। प्रतिभागियों को सप्ताह में लगभग 14 से 16 घंटे ही काम करना पड़ता है, यानी रोज करीब 3 से 4 घंटे का काम होता है। इसके अलावा स्पेन की सरकार स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराती है। इसी वजह से विदेश में अनुभव हासिल करने और अच्छी कमाई करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह प्रोग्राम एक बेहतरीन अवसर माना जा रहा है।
Also Read: UP Lekhpal Mains Exam 2026 की तारीख घोषित, जानें पूरी डीटेल्स

