अखिलेश यादव का भाजपा पर प्रहार, बोले- महंगाई और युद्ध के बहाने जनता को लूट रही सरकार
Lucknow News: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज कई मोर्चों पर सरकार को घेरा। उन्होंने गैस किल्लत से लेकर किसानों की जमीन हड़पने की साजिश और व्यापारियों पर पुलिसिया बर्बरता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
गैस नहीं मिली तो कंडे और लकड़ी पर खाना बनाना पड़ेगा
अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों (युद्ध) का हवाला देते हुए कहा कि सरकार की कोई तैयारी नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आपूर्ति प्रभावित हो रही है, तो सरकार के पास क्या वैकल्पिक व्यवस्था है? अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, अगर हालात नहीं सुधरे तो दो हफ्ते बाद लोगों को खाना बनाने के लिए फिर से पुराने जमाने की तरह कंडे और लकड़ियां ढूंढनी पड़ेंगी। उन्होंने मांग की कि सरकार एलपीजी और अन्य जरूरी सामानों की उपलब्धता सुनिश्चित करे।

आलू किसानों की बर्बादी और भाजपा की साजिश
किसानों के मुद्दे पर अखिलेश यादव बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर आलू के दाम गिरने दे रही है ताकि किसान बर्बाद हो जाए। उन्होंने कहा, भाजपा का खेल यह है कि खेती की लागत इतनी बढ़ा दो और पैदावार के दाम इतने कम कर दो कि किसान थक-हारकर अपनी जमीन अमीरों को बेच दे। भाजपा किसान को उसके अपने ही खेत में मजदूर बनाना चाहती है। अखिलेश ने कड़े शब्दों में कहा कि भाजपा राजनीतिक सत्ता के लिए किसानों के हितों की दलाली कर रही है।

मेरठ के व्यापारियों पर पुलिसिया बर्बरता का मुद्दा
मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक अतुल प्रधान के नेतृत्व में अखिलेश यादव से मुलाकात की। व्यापारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण धरने को खत्म कराने के लिए रात 2 बजे ढाई सौ पुलिसकर्मियों ने उन पर हमला बोला, टेंट उखाड़ दिए और सपा के झंडे लगाने पर कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया। सपा प्रमुख ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार आने पर मास्टर प्लान में बदलाव कर दुकानों को बचाया जाएगा। उन्होंने वर्तमान सरकार से मांग की कि वह व्यापारियों के प्रति सहानुभूति दिखाए और पुलिसिया उत्पीड़न तुरंत रोके।
Also Read: मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले: जल जीवन मिशन का 2028 तक विस्तार, मदुरै एयरपोर्ट को मिला इंटरनेशनल दर्जा

