‘पहले ऑक्सीजन और अब गैस सिलेंडर के लिए तरस रहे लोग’, अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट साझा कर प्रदेश में गैस सिलेंडरों के लिए लग रही लंबी लाइनों और ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ (DAC) की समस्या पर सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के ‘अच्छे दिनों’ का सिलेंडर अब पूरी तरह खाली हो चुका है।
“सर्वर डाउन है तो जनता क्या करे?”
अखिलेश यादव ने गैस वितरण में आ रही तकनीकी खामियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि घंटों लाइन में लगने के बाद लोगों को DAC नंबर न होने का बहाना बनाकर खाली हाथ लौटाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जनता पूछ रही है कि अगर कंपनियों का सर्वर डाउन है तो इसमें हमारा क्या कसूर? सर्वर चलाना तो सरकार की जिम्मेदारी है।” उन्होंने पुरानी पासबुक के आधार पर सिलेंडर न देने को अमानवीय करार दिया।

सपा प्रमुख ने सीधे तौर पर भाजपा से जुड़े लोगों पर कालाबाजारी का आरोप मढ़ते हुए कहा “यह सारा खेल कालाबाजारी करने वाले भाजपाई खेल रहे हैं। ब्लैक मार्केट में मजबूर लोगों से कई गुना ज्यादा दाम वसूले जा रहे हैं।” अखिलेश ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अब भूखी जनता के लिए भाजपाइयों के घरों से भोजन आएगा या भाजपाई पंडाल लगाकर लोगों का पेट भरेंगे?
ऑक्सीजन संकट से की तुलना
अखिलेश यादव ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि एक समय था जब भाजपा सरकार में लोग ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए दर-दर भटके थे और आज वही स्थिति खाना बनाने वाली गैस के सिलेंडर के साथ पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है और संकट के समय इनके नेता जमीन से नदारद हैं।

