बच्चों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में सरकार का प्रयास, मिलेंगे 33 हजार से अधिक आधुनिक उपकरण

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में बच्चों के स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार पोषण अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में प्रदेश भर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए एक लाख 33 हजार से अधिक आधुनिक उपकरण स्टेडियोमीटर उपलब्ध कराए जाने की तैयारी की गई है। इन उपकरणों की मदद से बच्चों की लंबाई की सटीक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी, जिससे उनके पोषण स्तर का सही आकलन करना आसान होगा।

ग्रोथ मॉनिटरिंग के लिए आधुनिक उपकरणों का उपयोग

प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर ग्रोथ मॉनिटरिंग के लिए कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वर्ष 2021 और 2022 के दौरान एक लाख 88 हजार से अधिक स्टेडियोमीटर उपकरणों की आपूर्ति की गई थी। स्टेडियोमीटर के माध्यम से दो वर्ष से अधिक आयु के बच्चों की ऊंचाई का सटीक आकलन किया जाता है। इस उपकरण की सहायता से बच्चों के विकास की नियमित निगरानी संभव हो रही है और कुपोषण की पहचान समय रहते की जा रही है।

सरकार का मानना है कि बचपन में स्वास्थ्य और पोषण की सही देखभाल ही एक मजबूत समाज की नींव रखती है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के लाखों बच्चों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए आंगनबाड़ी व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

तकनीक के सहारे कुपोषण के खिलाफ अभियान

योगी सरकार ने कुपोषण के खिलाफ चल रही लड़ाई में तकनीक को महत्वपूर्ण साधन के रूप में अपनाया है। प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के विकास की निगरानी के लिए आधुनिक ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस का उपयोग किया जा रहा है। इन उपकरणों के संचालन के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारियों और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है।

इसके बाद उनके माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को भी प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य का आकलन वैज्ञानिक तरीके से किया जा सके। इससे बच्चों की वृद्धि से जुड़ी सटीक जानकारी प्राप्त हो रही है और समय रहते पोषण संबंधी आवश्यक कदम उठाने में भी मदद मिल रही है। यह पहल प्रदेश में कुपोषण के खिलाफ चल रहे अभियान को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

Also Read: UP डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को मिली नई रफ्तार, 35 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.