कोलकाता में पीएम मोदी की रैली से पहले बवाल, TMC-BJP कार्यकर्ताओं के बीच पत्थरबाजी में मंत्री घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कोलकाता में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन पर एक विशाल रैली को संबोधित करने वाले हैं। लेकिन इस कार्यक्रम से पहले ही शहर के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी। गिरीश पार्क इलाके में स्थिति उस समय बेकाबू हो गई जब दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए।
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री और टीएमसी नेता डॉ. शशि पांजा ने आरोप लगाया है कि उन पर जानलेवा हमला किया गया है। उन्होंने कहा, मुझ पर एक बड़ा पत्थर फेंका गया, जिसकी वजह से मुझे पीछे धकेलना पड़ा। भाजपा के लोग गुंडे और हत्यारे हैं। उन्होंने हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया, भाजपा का बहिष्कार करो’ के बैनर फाड़ दिए और पत्थरबाजी की। इस हिंसा में हमारे 50 से ज्यादा कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए टीएमसी पर ही हमला बोला है। भाजपा नेताओं का कहना है कि उनके कार्यकर्ता शांतिपूर्वक जुलूस निकाल रहे थे, तभी टीएमसी समर्थकों ने उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। भाजपा का आरोप है कि टीएमसी जानबूझकर बाधाएं पैदा कर रही है ताकि लोग प्रधानमंत्री की रैली में न पहुंच सकें। साथ ही उन्होंने पुलिस पर मूकदर्शक बने रहने का भी आरोप लगाया।

