चुनाव 2026 का शंखनाद: बंगाल में 2 चरणों में वोटिंग, तमिलनाडु और असम में एक साथ चुनाव, 4 मई को आएंगे नतीजे

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में सत्ता के महासंग्राम की तारीखें सार्वजनिक कर दी हैं। इस बार लगभग 17.4 करोड़ मतदाता लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लेंगे।

कहां और कब डाले जाएंगे वोट

आयोग ने अलग-अलग राज्यों की संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान की तारीखें तय की हैं।

पश्चिम बंगाल (2 चरण): यहां दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की 29 अप्रैल को होगी।

तमिलनाडु: प्रदेश की सभी सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही दिन वोट डाले जाएंगे।

असम, केरल और पुडुचेरी: इन तीनों राज्यों में 9 अप्रैल को एक साथ मतदान संपन्न होगा।

एक नजर में चुनावी शेड्यूल

राज्य मतदान की तारीख चरणों की संख्या नतीजे (Result)
असम 9 अप्रैल, 2026 1 4 मई
केरल 9 अप्रैल, 2026 1 4 मई
पुडुचेरी 9 अप्रैल, 2026 1 4 मई
तमिलनाडु 23 अप्रैल, 2026 1 4 मई
पश्चिम बंगाल 23 और 29 अप्रैल 2 4 मई

लोकतंत्र के महापर्व के बड़े आंकड़े

वोटर्स की संख्या: कुल 17.4 करोड़ मतदाता। सबसे ज्यादा बंगाल में 6.44 करोड़ और तमिलनाडु में 5.67 करोड़ वोटर हैं।

विधानसभा सीटें: कुल 824 सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।

सुरक्षा और इंतजाम: चुनाव संपन्न कराने के लिए 25 लाख कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और 2.19 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा, आयोग हर मतदाता का स्वागत करने के लिए तैयार है। युवा मतदाता पूरे उत्साह, विवेक और जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

विधानसभाओं का कार्यकाल

इन चुनावों का आयोजन मौजूदा विधानसभाओं के कार्यकाल समाप्त होने से पहले किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को खत्म हो रहा है, जबकि तमिलनाडु का 10 मई, असम का 20 मई और केरल का 23 मई को समाप्त होगा। पुडुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून तक है।

Also Read: दिल्ली हाई कोर्ट से केजरीवाल को झटका, शराब घोटाला मामले में जज बदलने की मांग खारिज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.