Siddharthnagar News: शोहरतगढ़ में विकास की ‘शोहरत’ सिर्फ कागजों तक, मणेन्द्र मिश्रा का भाजपा सरकार पर हमला
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में समाजवादी अध्ययन केंद्र के संस्थापक और सपा नेता मणेन्द्र मिश्रा ने सरकार के 9 साल पूरे होने के जश्न पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शोहरतगढ़ और बढ़नी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र आज भी अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सरकार के बड़े-बड़े दावे जमीन पर कहीं नजर नहीं आते।
परिवहन और सुरक्षा के नाम पर ‘शून्य’
मणेन्द्र मिश्रा ने क्षेत्रीय समस्याओं को गिनाते हुए कहा कि तहसील मुख्यालय पर आज तक एक अदद बस अड्डा नहीं बन पाया। उन्होंने कहा बढ़नी नगर पंचायत में रोडवेज बसों का नियमित ठहराव न होने से आम जनता परेशान है। वर्षों से लंबित फायर स्टेशन की मांग आज भी अधूरी है, जिससे आगजनी की घटनाओं में भारी नुकसान होता है।
जर्जर पुल और जानलेवा बिजली के पोल
क्षेत्र की सड़कों और बुनियादी ढांचे पर चिंता व्यक्त करते हुए सपा नेता ने कहा कि सैकड़ों गांवों की लाइफलाइन माना जाने वाला करौना पुल अत्यंत जर्जर हो चुका है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। वहीं, तुलसियापुर से कठेला चौराहे के बीच सड़क पर लगे बिजली के पोल लगातार दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं।
किसानों और भ्रष्टाचार का मुद्दा
मिश्रा ने ‘अन्नदाता’ की बदहाली का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसान खाद-बीज की किल्लत और छुट्टा पशुओं की समस्या से कराह रहा है। सरकारी क्रय केंद्रों पर धान और गेहूं की खरीद में प्रशासन पूरी तरह उदासीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के नाम पर सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है और घटिया पाइप बिछाकर सिर्फ भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाली से पलायन
सपा नेता के अनुसार, सरकारी अस्पतालों (PHC/CHC) में न डॉक्टर हैं और न दवाएं। क्षेत्र में कोई नया सरकारी इंटर या डिग्री कॉलेज न खुलने से युवाओं को तकनीकी शिक्षा नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण गांवों से पलायन की रफ्तार तेज हो गई है। उन्होंने बाढ़ प्रबंधन पर भी सवाल उठाए और कहा कि बांधों की मरम्मत न होने से ग्रामीण हमेशा दहशत में रहते हैं। मणेन्द्र मिश्रा ने अंत में चेतावनी देते हुए कहा कि जनता इस ‘कागजी विकास’ को देख रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से इसका पूरा हिसाब लेगी।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: UP के नए DGP के चयन की प्रक्रिया तेज, योगी सरकार ने UPSC को भेजा 36 से ज्यादा IPS अफसरों का पैनल

