Lucknow News: ज्वैलरी दुकान की रेकी कर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की सैरपुर पुलिस ने ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और कड़ी मशक्कत के बाद तीन मुख्य चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को दबोच लिया। इनके पास से 4,10,000 रुपये के अनुमानित मूल्य के आभूषण, नकदी और घटना में इस्तेमाल मोटर साइकिल बरामद हुई है।
शटर गिराते समय बैग लेकर हुए थे फरार
घटना 22 जनवरी 2026 की है, जब सैरपुर के शाहपुर तकिया निवासी राम दयाल साह सोनी अपनी दुकान ‘राज ज्वैलर्स’ बंद कर रहे थे। उसी समय अज्ञात बदमाशों ने दुकान के बाहर रखे उनके जेवरों से भरे बैग को पार कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
जाँच के दौरान पुलिस ने 150 कैमरों की फुटेज देखी, जिससे संदिग्ध मोटर साइकिल और लड़कों का सुराग मिला। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लोधमऊ अंडरपास के पास घेराबंदी की और तीन युवकों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने कई दिनों तक दुकान की रेकी की थी और फिर चोरी को अंजाम दिया।
पकड़े गए अभियुक्तों का विवरण
- राहुल राठौर (24 वर्ष): यह अमेज़न में नौकरी करता है।
- विवेक वर्मा (23 वर्ष): इसकी पान की दुकान है।
- राहुल वर्मा (23 वर्ष): यह फोटोग्राफी का काम करता है।
- अजय वर्मा (25 वर्ष): ‘अजय ज्वैलर्स’ का मालिक, जिसने चोरी का माल खरीदा था।
सुनार की दुकान पर बेचा था माल
पकड़े गए तीनों चोरों ने बताया कि उन्होंने चोरी किए गए आभूषण सैरपुर बाजार स्थित ‘अजय ज्वैलर्स’ के मालिक अजय वर्मा को 1,36,500 रुपये में बेच दिए थे। इसके बाद उन्होंने रकम आपस में बांट ली। पुलिस ने अजय वर्मा की दुकान से भारी मात्रा में चांदी के जेवर (करीब 1.440 किलो) और सोने के लॉकेट बरामद किए हैं।
बरामदगी की सूची
चांदी (सफेद धातु): करीब 2.100 किलोग्राम (पायल, बिछिया, कमरपेटी आदि)।
सोना (पीली धातु): करीब 5.700 ग्राम (मंगलसूत्र, लॉकेट, सुई-धागा)।
नकदी: 16,000 रुपये नगद।
वाहन: घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल (UP32QF4542) को सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों से जुटाई जा रही है।

