कानून के शिकंजे में नेताओं और सेलिब्रिटीज का भविष्य बताने वाला ज्योतिषी, रेप केस में गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: नेताओं और सेलिब्रिटीज का भविष्य बताने का दावा करने वाला चर्चित ज्योतिषी अशोक खरात उर्फ कैप्टन खरात अब खुद कानून के शिकंजे में है। नासिक क्राइम ब्रांच ने एक 35 वर्षीय महिला द्वारा दर्ज कराए गए दुष्कर्म के मामले में खरात को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
केस का विवरण और गिरफ्तारी
एक 35 वर्षीय महिला ने सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में अशोक खरात के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद नासिक क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाल बिछाया और आरोपी को धर दबोचा। खरात सिन्नर तालुका के मिरगांव स्थित श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का चेयरमैन है। साल 2022 में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उससे हुई कथित मुलाकात के बाद वह सुर्खियों में आया था।
छापेमारी में मिले चौंकाने वाले साक्ष्य
पुलिस द्वारा आरोपी के ठिकानों पर की गई छापेमारी में कुछ ऐसे सुराग मिले हैं जिन्होंने मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 58 वीडियो जब्त किए हैं। सूत्रों के अनुसार, इन वीडियो में कुछ चर्चित महिलाएं और हस्तियां हो सकती हैं। इन वीडियो की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति लंबे समय से खरात की गतिविधियों पर सवाल उठा रही थी।
SIT जांच और महिला IPS का नेतृत्व
मामले की संवेदनशीलता और इसमें शामिल हाई-प्रोफाइल संपर्कों को देखते हुए सरकार ने जांच विशेष जांच दल (SIT) को सौंप दी है। महिला आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सातपुते इस SIT का नेतृत्व कर रही हैं। आईपीएस सातपुते ने आरोपी से करीब दो घंटे तक गहन पूछताछ की है। SIT अब जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों और खरात के संपर्कों के नेटवर्क को खंगाल रही है।
राजनीतिक हलचल
कैप्टन खरात का प्रभाव इतना था कि कई बड़े उद्योगपति और राजनेता उससे सलाह लेने मिरगांव पहुँचते थे। अब उसकी गिरफ्तारी और जब्त किए गए वीडियो की खबरों ने कई प्रभावशाली चेहरों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन वीडियो का इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग या किसी अन्य अवैध कार्य के लिए किया जा रहा था।
Also Read: आगरा में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई श्रद्धालुओं की बोलेरो,एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

