‘राजनीति अभिनय नहीं, बोलने से पहले होमवर्क करें कंगना’ सांसद केएल शर्मा का तीखा पलटवार

अमेठी में दिव्यांग सहायता शिविर के समापन पर बोले किशोरी लाल शर्मा- "2014 में आजादी और सुभाष चंद्र बोस को पहला PM बताने वालों की समझ पर उठते हैं सवाल"

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा ने भाजपा सांसद कंगना रनौत पर जोरदार हमला बोला है। गौरीगंज जिला मुख्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे सांसद ने कंगना के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीति कोई फिल्म का सेट नहीं है, यहाँ गंभीरता और ‘होमवर्क’ की जरूरत होती है।

सेवा भाव में नहीं कोई राजनीति: 1000 दिव्यांगों को मिली मदद

मौका था अमेठी के गौरीगंज में आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क दिव्यांग सहायता शिविर के समापन का। सांसद केएल शर्मा और मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में लगभग एक हजार दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण बांटे गए। लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र जैसे सहायक उपकरण दिए गए।

सांसद ने स्पष्ट किया कि इस पहल का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह से सेवा भाव है। हमने बिना किसी दल या विचारधारा के भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया है।”

कंगना की ‘जानकारी’ पर उठाए सवाल

कंगना रनौत द्वारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर की गई टिप्पणियों के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर केएल शर्मा ने तीखा रुख अपनाया। उन्होंने कहा “राजनीति अभिनय का क्षेत्र नहीं है। यहां कुछ भी बोलने से पहले तैयारी और जानकारी जरूरी है। जो लोग सुभाष चंद्र बोस को देश का पहला प्रधानमंत्री बताते हैं या यह कहते हैं कि देश 2014 में आजाद हुआ, उनके बयानों से उनकी समझ का स्तर खुद ही स्पष्ट हो जाता है।

भविष्य में भी जारी रहेंगे जनहित के कार्य

सांसद ने कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अमेठी की जनता को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनहित और सेवा से जुड़े ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Also Read: बरेली के लाल ने वेटलिफ्टिंग में गाड़े झंडे, SSP ने सिपाही सिद्धान्त चौधरी को दिया आउट ऑफ टर्न प्रमोशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.