Aligarh News: दुष्कर्म पीड़िता पर फिसली सिपाही की नीयत, ऑडियो वायरल होने पर किया गया सस्पेंड

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक ऐसी खबर आई है जो इंसानियत और पुलिस की छवि, दोनों को शर्मसार करती है। यहाँ एक मुख्य आरक्षी (दीवान) ने मदद करने के नाम पर एक दुष्कर्म पीड़िता की मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश की। आरोप है कि सिपाही ने न केवल पीड़िता से अश्लील तस्वीरें मांगी, बल्कि केस को आगे बढ़ाने के बदले उसे होटल चलने का गंदा ऑफर भी दे डाला।

पीड़िता जमालपुर इलाके की रहने वाली है। उसने जीशान नाम के एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर रेप करने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। इस मामले की जांच क्वार्सी थाने की नगला पटवारी चौकी में तैनात दीवान इमरान खान को मिली थी।

पीड़िता का आरोप है कि जांच के दौरान इमरान ने उसका नंबर लिया और फिर शुरू हुआ प्रताड़ना का सिलसिला। वह व्हाट्सएप कॉल पर पीड़िता को परेशान करने लगा, उससे निजी तस्वीरें मांगने लगा और यहाँ तक कि ईद के कपड़े दिलाने के बहाने होटल चलने का दबाव बनाने लगा।

मजहब का वास्ता और जेल भेजने की धमकी

सिपाही की बेशर्मी यहीं नहीं रुकी। पीड़िता ने एसएसपी (SSP) को बताया कि इमरान खान ने उसे यह कहकर डराने की कोशिश की, तू भी मुसलमान है और मैं भी, तुझे मेरे कमरे पर आना होगा, तभी केस में कार्रवाई होगी। अगर बात नहीं मानी, तो तुझे ही जेल भेज दूंगा। उसने पीड़िता को कसम देकर किसी को कुछ न बताने की धमकी भी दी थी।

ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुली पोल

पीड़िता सिपाही की धमकियों से डरी नहीं, बल्कि उसने हिम्मत दिखाई और आरोपी सिपाही के साथ हुई अश्लील बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया। जब यह पुख्ता सबूत एसएसपी के सामने पेश किए गए, तो विभाग में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरक्षी इमरान खान को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ क्वार्सी थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Also Read: निष्पक्ष सुनवाई में मेनस्ट्रीम मीडिया चुनौती, पर समस्या बिखरा हुआ सोशल मीडिया भी: Supreme Court

Get real time updates directly on you device, subscribe now.