UP Cabinet: योगी सरकार का किसानों को बड़ा तोहफा, गेहूं के MSP में बढ़ोतरी, 37 प्रस्तावों पर लगी मुहर
गोरखपुर बनेगा 'सोलर सिटी', लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहरों का होगा कायाकल्प; 'नवयुग पालिका योजना' को भी हरी झंडी
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश के विकास और किसानों की समृद्धि से जुड़े कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए। कैबिनेट ने कुल 39 में से 37 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु ‘अन्नदाता’ रहे, जिनके लिए सरकार ने गेहूं खरीद की नई नीति और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में भारी बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
किसानों के लिए खुशखबरी: ₹2585 हुआ गेहूं का भाव
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि रबी विपणन सत्र 2026-27 के लिए गेहूं खरीद की नीति को मंजूरी दे दी गई है:
- नया MSP: गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹160 अधिक है।
- खरीद अवधि: प्रदेश भर के 6500 केंद्रों पर 30 मार्च से 15 जून 2026 तक गेहूं की खरीद की जाएगी।
- अतिरिक्त लाभ: किसानों को MSP के साथ-साथ उतराई और छनाई-सफाई का भी पैसा सीधे उनके खातों में दिया जाएगा।
- ऊर्जा क्षेत्र: घाटमपुर प्लांट और सोलर सिटी गोरखपुर
प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए कैबिनेट ने बड़े बजट को स्वीकृति दी है।
- घाटमपुर पावर प्लांट: कोल माइन (कोयला खदान) के विकास के लिए ₹2242.90 करोड़ की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है।
- फ्लोटिंग सोलर प्लांट: गोरखपुर को ‘सोलर सिटी’ के रूप में विकसित करने के लिए वहां 20 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा।
- नगर विकास और पर्यटन: ‘नवयुग पालिका’ और हेरिटेज टूरिज्म
- नवयुग पालिका योजना: प्रदेश के 58 जिला मुख्यालयों की नगर पालिकाओं के कायाकल्प के लिए इस नई योजना को मंजूरी मिली है।
- विरासत का संरक्षण: लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहरों रोशन-उद-दौला और छतर मंजिल को अब पीपीपी (PPP) मॉडल पर ‘हेरिटेज पर्यटन इकाई’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए इन्हें पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने का फैसला लिया गया है।
- जल संरक्षण: शोधित जल के सुरक्षित पुन: उपयोग के लिए नई नीति ‘उत्तर प्रदेश राज्य नीति (SRTW)-2026’ के प्रख्यापन पर भी मुहर लगी है।
Also Read: Siddharthnagar News: दीवानी न्यायालय परिसर की कैंटीन और दुकानों की नीलामी 24 मार्च को, ऐसे उठाएं लाभ

