पीरियड्स के दौरान भारी पड़ सकती हैं ये गलतियां
Sandesh Wahak Digital Desk: पीरियड्स (Periods) के दौरान महिलाओं के लिए पर्सनल हाईजीन का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। यदि इस दौरान साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाए तो इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है, जो कई मामलों में गंभीर रूप भी ले सकता है। पैड का सही तरीके से उपयोग और जरूरी सावधानियां अपनाना इस दौरान स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सही पैड का चुनाव भी है जरूरी
भारतीय चिकित्सा संघ गाजियाबाद की अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल के अनुसार, पीरियड्स के दौरान नमी के कारण बैक्टीरिया पनपने का खतरा अधिक रहता है। इससे जलन, खुजली और डिस्चार्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यदि महिलाएं इस समय पर्सनल हाईजीन का ध्यान नहीं रखती हैं तो बैक्टीरियल वेजाइनोसिस का जोखिम बढ़ जाता है, जिससे बदबूदार डिस्चार्ज और इंफेक्शन जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
दरअसल पीरियड्स के दौरान ऐसा पैड चुनना चाहिए जो स्किन-फ्रेंडली और सुरक्षित हो। सही पैड का चुनाव करने से न केवल आराम मिलता है, बल्कि स्किन से जुड़ी परेशानियों से भी बचाव होता है।
मोरिंगा बेस्ड पैड्स के फायदे
एक्सपर्ट के अनुसार, मोरिंगा बेस्ड सैनिटरी पैड्स इस दौरान फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इनमें सूजन-रोधी गुण होते हैं, जो जलन को कम करने और त्वचा को आराम देने में मदद करते हैं। लाइफ पत्रिका में प्रकाशित एक अध्ययन में भी मोरिंगा के पत्तों में मौजूद अर्क के सूजनरोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों का जिक्र किया गया है। ऐसे में महिलाएं पीरियड्स के दौरान इन पैड्स का इस्तेमाल कर सकती हैं।
दरअसल पीरियड्स के दौरान ही नहीं बल्कि इसके बाद भी हाईजीन बनाए रखना जरूरी है। इससे कई तरह के इंफेक्शन और बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
पैड का इस्तेमाल करते समय एक ही पैड को लंबे समय तक नहीं लगाना चाहिए और उसे समय-समय पर बदलना जरूरी है। करीब चार घंटे के भीतर पैड बदलना बेहतर माना जाता है ताकि नमी और बैक्टीरिया से बचा जा सके। इस दौरान बहुत टाइट कपड़े पहनने से भी बचना चाहिए क्योंकि इससे पसीना और नमी बढ़ सकती है। पर्सनल हाईजीन का ध्यान रखना बेहद जरूरी है और किसी भी तरह की नमी या पसीने को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यदि किसी प्रकार का इंफेक्शन महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है।
Also Rad: स्केटिंग लवर्स के लिए जन्नत बना लखनऊ, लोहिया पार्क में खुला 7 करोड़ का ‘O2 स्पोर्ट्स एरिना

