कहीं इस बीमारी का संकेत तो नहीं बार-बार होने वाला स्किन इंफेक्शन?

Sandesh Wahak Digital Desk: बदलते मौसम के साथ स्किन से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। अक्सर लोग स्किन पर होने वाले इंफेक्शन (Skin Infection) को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार हो रही है तो इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है। यह शरीर में कई गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है। ऐसे में समय रहते सावधानी बरतना और डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है।

कमजोर इम्यूनिटी बन सकती है वजह

मैक्स अस्पताल की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. सौम्या सचदेवा के अनुसार, स्किन पर बार-बार इंफेक्शन होना इस बात का संकेत हो सकता है कि शरीर की इम्यूनिटी कमजोर हो रही है। खराब खानपान और नींद की कमी इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। इसके अलावा फंगल इंफेक्शन भी स्किन इंफेक्शन का एक बड़ा कारण है, जो खासतौर पर गर्मियों के मौसम में अधिक देखने को मिलता है।

एक्जिमा भी बन सकता है वजह

स्किन इंफेक्शन की एक वजह एक्जिमा भी हो सकता है। इस स्थिति में त्वचा सूखने लगती है और उसमें खुजली होने लगती है। यह एक आम समस्या है जो कई लोगों में देखी जाती है। दवाओं की मदद से इसे नियंत्रित किया जा सकता है, लेकिन इसमें समय लग सकता है। इसलिए जरूरी है कि इसके लक्षण दिखते ही सही समय पर इलाज शुरू किया जाए और बीच में इलाज न छोड़ा जाए।

लक्षणों को न करें नजरअंदाज

स्किन पर बार-बार खुजली होना, लाल चकत्ते दिखाई देना, त्वचा का काला या मोटा पड़ना और स्किन का अत्यधिक सूखना ऐसे लक्षण हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये संकेत हो सकते हैं कि शरीर के अंदर कोई समस्या विकसित हो रही है, जिसके लिए चिकित्सकीय सलाह जरूरी है।

कैसे करें वजह

स्किन इंफेक्शन से बचाव के लिए साफ-सफाई और पर्सनल हाइजीन का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही संतुलित खानपान अपनाना और समय-समय पर शुगर लेवल की जांच कराना भी फायदेमंद होता है। यदि स्किन पर दाने या खुजली की समस्या शुरू हो जाए तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय पर पहचान और इलाज से स्किन की बीमारियों को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।

 

Also Read: पीरियड्स के दौरान भारी पड़ सकती हैं ये गलतियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.