दिल्ली विधानसभा पर फिर बम से उड़ाने की धमकी, कोयंबटूर से आए ईमेल ने मचाई सनसनी
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां एक बार फिर अलर्ट पर हैं। दिल्ली विधानसभा को महज 48 घंटों के भीतर दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार का ईमेल न सिर्फ डराने वाला है, बल्कि इसमें लिखी गई बातें काफी हैरान करने वाली हैं।
धमकी देने वाले शख्स ने दावा किया है कि विधानसभा परिसर में 16 RDX IED (बम) लगाए गए हैं और दोपहर 1:40 बजे धमाका करने की साजिश है। ईमेल भेजने वाले ने खुद को तमिलनाडु के कोयंबटूर का निवासी बताया है।
आमतौर पर ऐसी धमकियां दहशत फैलाने के लिए दी जाती हैं, लेकिन इस ईमेल में एक अलग ही कहानी बयां की गई है। मेल भेजने वाले का कहना है कि वह और उसके साथी पहले एक राजनीतिक दल (DMK) के कट्टर समर्थक थे। उन्हें लगता है कि उनके साथ धोखा हुआ है। उनका आरोप है कि जिन नेताओं के लिए उन्होंने संघर्ष किया, उन्हें ही बाद में गिरफ्तार करवा दिया गया।
जब उन्होंने अपनी बात रखने की कोशिश की, तो न तो मीडिया ने उनकी सुनी और न ही अदालतों से कोई मदद मिली। इसी हताशा और गुस्से में उन्होंने दिल्ली विधानसभा को निशाना बनाने का फैसला किया। ईमेल में चेतावनी दी गई है कि वहां से लोगों को हटा लिया जाए क्योंकि वे सिर्फ संपत्ति को नुकसान पहुँचाना चाहते हैं। दिल्ली पुलिस के लिए यह सिरदर्द इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि मंगलवार को भी विधानसभा, विधानसभा मेट्रो स्टेशन और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे।
Also Read: अमेरिका ने ईरान को भेजा 15-सूत्रीय प्लान, युद्धविराम और परमाणु कार्यक्रम खत्म करने का प्रस्ताव

