Lucknow News: नशे में हैवान बना सगा भाई, छोटे भाई को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नशे के जुनून और मामूली विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को मातम में बदल दिया। यहां एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की सोते समय लोहे की रॉड से प्रहार कर नृशंस हत्या कर दी।

नशा, विवाद और फिर खूनी वारदात

घटना बंथरा के खांडेदेव गांव की है। पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात गांव निवासी श्रवण और उसके छोटे भाई आलोक गौतम उर्फ गोलू (24 वर्ष) के बीच नशे की हालत में किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। कहासुनी के बाद गोलू सोने चला गया, लेकिन श्रवण के सिर पर खून सवार था। जैसे ही गोलू गहरी नींद में सोया, श्रवण ने लोहे की रॉड उठाई और उस पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। आरोपी ने छोटे भाई को तब तक पीटा जब तक उसकी जान नहीं निकल गई। घर के भीतर मची चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े, लेकिन तब तक गोलू दम तोड़ चुका था।

पुलिसिया कार्रवाई और गांव में सन्नाटा

वारदात की सूचना मिलते ही बंथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी भाई श्रवण को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि सगे भाई ने ही इस तरह की हैवानियत को अंजाम दिया है। “मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड बरामद करने की प्रक्रिया चल रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

Also Read: यूपी में 1 अप्रैल से लागू होंगे ये 5 बड़े नियम, आपकी जेब और जीवन पर पड़ेगा सीधा असर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.