ऊर्जा मंत्री का ऑन द स्पॉट एक्शन, गाजीपुर में ढीली बिजली लाइनों पर जेई निलंबित और एक्सईएन को चार्जशीट
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा इन दिनों एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। गाजीपुर में निरीक्षण के दौरान बिजली लाइनों की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आने पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया है। मानक से नीचे लटकती हाई-वोल्टेज लाइनों को देखते ही उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया और देर रात संबंधित अधिकारियों पर गाज गिर गई।
वाकया तब का है जब ऊर्जा मंत्री एके शर्मा बलिया जा रहे थे। गाजीपुर के जंगीपुर क्षेत्र में महरौर से रसड़ा मार्ग पर गुजरते समय उनकी नजर 11 केवी की विद्युत लाइन पर पड़ी। यह लाइन मानकों के विपरीत काफी नीचे लटक रही थी, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था। इस गंभीर लापरवाही को देखकर मंत्री ने मौके पर ही नाराजगी जताई और दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एक्शन लेने को कहा।
मंत्री के कड़े निर्देशों का असर कुछ ही घंटों में दिखने लगा। महरौर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) धर्मेंद्र पाल को ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने का दोषी पाते हुए देर रात निलंबित (Suspend) कर दिया गया। जंगीपुर के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) प्रवीण कुमार तिवारी की जवाबदेही तय करते हुए उन्हें भी आरोप पत्र (Charge sheet) जारी कर दिया गया है।
सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर नहीं
इस कार्रवाई के बाद मंत्री एके शर्मा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, बिजली व्यवस्था में लापरवाही, खासकर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ढीली तारें सीधे तौर पर जनता की जान से खिलवाड़ हैं। अधिकारियों को सुनिश्चित करना होगा कि सभी लाइनें मानकों के अनुरूप हों ताकि निर्बाध बिजली के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा भी बनी रहे।
Also Read: नाम ही काफी है! इस दिग्गज एक्टर की एंट्री से ‘रामायण’ का Buzz सातवें आसमान पर

