यूपी में दलित राजनीति का नया केंद्र बना कांग्रेस मुख्यालय! मीरा कुमार ने भरी हुंकार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने राज्य के निर्णायक ‘दलित वोट बैंक’ को अपने पाले में लाने के लिए बड़ा दांव खेलते हुए पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की पुत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को मैदान में उतारा है। शनिवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित ‘समता दिवस’ समारोह के जरिए कांग्रेस ने साफ कर दिया कि उसकी नजर अब सुरक्षित सीटों और दलित बस्तियों पर है।
“अछूत परिवार में जन्म लेना सौभाग्य”
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं मीरा कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए कहा, “बाबूजी कहते थे कि तुम सौभाग्यशाली हो कि अछूत परिवार में पैदा हुई, क्योंकि इसी से अन्याय के खिलाफ लड़ने की ताकत मिलती है।”
मीरा कुमार ने उत्तर प्रदेश की राजनीति की नब्ज पर हाथ रखते हुए कहा कि जाति-पात वह बीमारी है जिससे देश को आज भी आजादी नहीं मिली है। उन्होंने नसीहत दी कि कांग्रेस को अब ‘अनुभव के साथ जोश’ को मिलाकर आगे बढ़ना होगा। कानपुर में अपने ननिहाल का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों से भावनात्मक जुड़ाव बनाने की कोशिश की।
बसपा और मायावती पर तीखा हमला
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रोफेसर रतन लाल ने दलित राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने सीधे तौर पर बसपा सुप्रीमो मायावती को निशाने पर लेते हुए कहा प्रो. रतन लाल ने आरोप लगाया कि मायावती दलितों के वोट लेकर सत्ता में तो आईं, लेकिन उनके कल्याण के लिए ठोस कार्य नहीं किए।
उन्होंने रेखांकित किया कि भले ही संविधान डॉ. आंबेडकर ने लिखा, लेकिन उसे जमीन पर लागू कराने और देश में पहली बार आरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने में जगजीवन राम की अहम भूमिका थी।
प्रदेश भर में लॉन्च होगी लघु फिल्म
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि बाबू जगजीवन राम के जीवन और संघर्षों पर आधारित एक लघु फिल्म तैयार की गई है। इसे रविवार (5 अप्रैल) को ‘बाबूजी’ के जन्म दिवस के अवसर पर पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ लॉन्च किया जाएगा।
अजय राय का दावा: “2027 में बनेगी कांग्रेस सरकार”
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि दलित, पिछड़ा और वंचित वर्ग अब कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस न केवल जीतेगी, बल्कि सरकार भी बनाएगी। कार्यक्रम में दलित समाज से आने वाले कई पूर्व सांसदों और विधायकों को सम्मानित कर एकजुटता का संदेश दिया गया।
Also Read: UP Weather Update: कानपुर में तबाही के बाद लखनऊ में आंधी का तांडव, मौसम विभाग का ‘ऑरेंज अलर्ट’

