लखनऊ में 2.46 करोड़ की हेरोइन के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार, चारबाग में होनी थी डिलीवरी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएनटीएफ (ANTF) थाना/यूनिट गोरखपुर ने लखनऊ पुलिस के सहयोग से एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने रविवार (5 अप्रैल) को चारबाग रोड से दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से सवा किलो से अधिक हाई-क्वालिटी हेरोइन बरामद हुई है।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान फैसल हसन (40 वर्ष) और फरहान हसन (32 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों लखनऊ के ही बाजार खाला इलाके के रहने वाले हैं और आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 1.230 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 46 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक (ANTF) के निर्देशन में गोरखपुर यूनिट को इन तस्करों के बारे में सटीक सूचना मिली थी। एएनटीएफ की टीम ने आलमबाग थाना पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और चारबाग रोड कैबवे रूट पर इन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी के समय दोनों भाई अपनी स्प्लेंडर बाइक से हेरोइन की सप्लाई देने जा रहे थे।
बरामदगी का विवरण
हेरोइन: 1.230 किलोग्राम (कीमत 2.46 करोड़ रुपये)
वाहन: एक हीरो स्प्लेंडर बाइक
मोबाइल: 3 एंड्रॉयड फोन
नकदी: 341 रुपये
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूल किया कि वे एक बड़े सिंडिकेट के लिए काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति से हेरोइन लेकर चारबाग रेलवे स्टेशन पर किसी को सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब इस मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, यानी यह माल कहां से आया था और इसे किसे सौंपा जाना था, इसकी गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ लखनऊ के आलमबाग थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी उप निरीक्षक रमेश राम के साथ हेड कांस्टेबल शशिकान्त राय, दिव्यशंकर राय, उपेन्द्र यादव, दीपक वर्मा और रजनीश पाल शामिल रहे।
Also Read: यूपी चुनाव से पहले निषाद वोट बैंक को साधने में जुटी बीजेपी-सपा, 140 सीटों पर बिगाड़ सकते हैं खेल

