Tera Sai: संजय मिश्रा निभाएंगे साईं बाबा का किरदार, पलाश मुच्छल ने शुरू की आध्यात्मिक यात्रा

Sandesh Wahak Digital Desk: संगीतकार पलाश मुच्छल ने अपनी आगामी फिल्म तेरा साईं की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

खास बात यह है कि इस फिल्म की शुरुआत उन्होंने आस्था के केंद्र शिरडी में साईं बाबा के दर्शन के साथ की। पलाश ने सोशल मीडिया पर मंदिर परिसर से तस्वीरें साझा करते हुए फिल्म की घोषणा की।

पलाश मुच्छल ने शिरडी के साईं मंदिर में माथा टेककर फिल्म ‘तेरा साईं’ की यात्रा शुरू की। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और समर्पण की कहानी है।

इस मौके पर उनके साथ अभिनेता संजय मिश्रा भी मौजूद थे।

Palash Muchhal

संजय मिश्रा निभाएंगे साईं बाबा का किरदार

फिल्म ‘तेरा साईं’ में संजय मिश्रा संत साईं बाबा की भूमिका में नजर आएंगे। अपनी सशक्त अभिनय शैली के लिए पहचाने जाने वाले संजय मिश्रा का यह किरदार फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।

फिल्म की घोषणा के दौरान श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट के डिप्टी सीईओ भीमराज दराडे भी मौजूद रहे। पलाश ने फिल्म का एक ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टर भी जारी किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म 2026 के अंत तक सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।

निजी जीवन की चर्चाओं के बीच काम पर फोकस

पलाश मुच्छल का नाम बीते समय में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना के साथ जुड़ा रहा है। दोनों की शादी की खबरें 2025 में चर्चा में थीं, लेकिन बाद में यह रिश्ता टूट गया।

सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें भी सामने आईं, हालांकि इससे जुड़े लोगों ने सार्वजनिक रूप से इन अफवाहों का खंडन किया था।

अब पलाश मुच्छल अपने नए प्रोजेक्ट ‘तेरा साईं’ के जरिए एक नई शुरुआत करते नजर आ रहे हैं। आस्था और सिनेमा के संगम पर आधारित यह फिल्म दर्शकों के बीच खास दिलचस्पी जगा रही है।

Aslo Read: लखनऊ में मामला लीगल है का भौकाल, रवि किशन और अनंत जोशी ने दी दस्तक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.