Lucknow News:सीएम योगी ने बीएनए के नए प्रेक्षागृहों का किया लोकार्पण, विपक्ष को घेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित भारतेंदु नाट्य अकादमी (BNA) के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य स्वर्ण जयंती समारोह का आगाज हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अकादमी के नवनिर्मित संपूर्ण भवन और दो अत्याधुनिक प्रेक्षागृहों का लोकार्पण किया। ₹22 करोड़ की लागत से हुए इस जीर्णोद्धार के बाद अकादमी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस हो गई है।
“माफियाराज और आक्रांताओं का डीएनए एक”
लोकार्पण के बाद कलाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इतिहास और वर्तमान की कड़ियों को जोड़ते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा “सैयद सालार मसूद गाजी जैसे आक्रांताओं के प्रति सॉफ्ट कॉर्नर रखने वालों ने महाराजा सुहेलदेव जैसे नायकों को भुला दिया था। सालार मसूद किसी माफिया से कम नहीं था, जिसने हमारे मंदिर तोड़े। आज जो माफिया मिट्टी में मिले हैं, वे उसी की विचारधारा के वंशज हैं।”
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महाराजा सुहेलदेव को 1000 साल बाद वह सम्मान मिला, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कलाकारों से महाराजा सुहेलदेव, रानी लक्ष्मीबाई और बिजली पासी जैसे नायकों पर नाटक तैयार करने का आह्वान किया।
‘आनंद मठ’ के जरिए संवेदनशीलता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने प्रसिद्ध उपन्यास ‘आनंद मठ’ पर आधारित नाटक की प्रस्तुति दी। नाटक का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा, “जब सरकार संवेदनशील नहीं होती, तो वैसी ही भयावह स्थिति होती है जैसी ‘आनंद मठ’ में दिखाई गई। लेकिन हमारी सरकार ने कोरोना काल में संवेदनशीलता दिखाई; लाखों कामगारों को न सिर्फ घर पहुंचाया बल्कि मुफ्त राशन भी दिया।”
स्वर्ण जयंती समारोह: 8 दिनों तक मचेगी धूम
बीएनए के 50 साल पूरे होने पर आठ दिवसीय नाट्य महोत्सव शुरू हुआ है, जिसमें देशभर के नामचीन कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 15 वरिष्ठ कलाकारों और पूर्व छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर ‘रंगभेद’ पत्रिका के विशेष अंक का विमोचन भी किया गया। सीएम ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में महापुरुषों के जीवन पर आधारित नाटकों का मंचन होना चाहिए ताकि नई पीढ़ी अपनी वास्तविक संस्कृति और नायकों को जान सके।
Also Read: यूपी में महिला सुरक्षा का नया ‘मॉडल’, सड़कों पर उतर रही महिला ई-रिक्शा पायलटों की फौज

