‘2017 दोहराएंगे और सपा को सैफई पहुंचाएंगे’, गाजियाबाद में केशव मौर्य ने दी खुली चुनौती
Sandesh Wahak Digital Desk: महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर गाजियाबाद पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने विपक्षी दलों पर पिछड़ों और दलितों के दमन का आरोप लगाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए हुंकार भरी।
“सपा सरकार में पिछड़ों का हुआ दमन”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा “सपा सरकार के दौरान सबसे ज्यादा उत्पीड़न अगर किसी का हुआ, तो वह पिछड़ा और दलित समाज ही था। पिछली सरकार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था, लेकिन आज हमारी सरकार ने प्रदेश को पूरी तरह दंगा मुक्त कर दिया है।” उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कुछ ‘दुष्प्रचार’ के कारण सपा-कांग्रेस को वोट मिल गए, जिससे वे उत्साहित होकर अब आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
लक्ष्य 2027: “सपा को भेजेंगे सैफई”
डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब रुकना नहीं है। उन्होंने आह्वान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी 2017 का रिकॉर्ड दोहराएगी और समाजवादी पार्टी को वापस सैफई भेजने का काम करेगी।
कश्यप-निषाद समाज को SC में शामिल करने की मांग
इसी कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने एक महत्वपूर्ण मांग उठाई। उन्होंने मंच से कश्यप और निषाद समाज को अनुसूचित जाति (SC) की श्रेणी में शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
Also Read: ‘जब तक सांस है, शिक्षकों का भला करूंगा’, मदरसा शिक्षकों के बीच भावुक हुए सांसद जगदंबिका पाल

