‘जब तक सांस है, शिक्षकों का भला करूंगा’, मदरसा शिक्षकों के बीच भावुक हुए सांसद जगदंबिका पाल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर में मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल के आवास पर मुलाकात कर अपनी विकराल समस्याओं के समाधान हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपा। पिछले 29 वर्षों से आधुनिक शिक्षा दे रहे 22 हजार शिक्षकों ने अपनी बहाली और बकाया मानदेय को लेकर गुहार लगाई है।

“29 साल की सेवा और अब 40 की उम्र में बेरोजगारी”
संघ के प्रदेश अध्यक्ष समीउल्लाह खां (शुएब) ने संदेश वाहक से खास बातचीत में अपना दर्द साझा किया।
- योजना पर रोक: SPQEM योजना के तहत आधुनिक विषय (हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित) पढ़ाने वाले इन शिक्षकों की सेवा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा रोक दी गई है।
- अंधेरे में भविष्य: अधिकांश शिक्षकों की आयु 40 वर्ष पार कर चुकी है। जीवन का अमूल्य समय देने के बाद अब वे कहीं और नौकरी पाने की स्थिति में नहीं हैं।
- साझा संघर्ष: इस योजना में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के शिक्षक कार्यरत हैं, जो वर्तमान में सपरिवार भुखमरी का शिकार हो रहे हैं।

सांसद जगदंबिका पाल का संकल्प: ‘योगी जी सुलझाएंगे गुत्थी’
शिक्षकों की पीड़ा सुनने के बाद सांसद जगदंबिका पाल ने ‘संदेश वाहक’ को बताया कि वे इस लड़ाई में शिक्षकों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सांसद ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एक महान शिक्षाविद हैं। उनके पूर्वजों ने गोरखपुर में दिग्विजय नाथ और महाराणा प्रताप जैसे शिक्षा के मंदिर खड़े किए हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य में उनकी गहरी रुचि है।” सांसद ने विश्वास दिलाया कि वे जल्द ही संगठन के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात मुख्यमंत्री से कराएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह मामला आते ही इसका सकारात्मक समाधान निकलेगा।

शिक्षकों की प्रमुख मांगें
- बंद की गई आधुनिकीकरण योजना को पुनः सुचारू रूप से संचालित किया जाए।
- 22,000 बेरोजगार शिक्षकों के समायोजन और बकाया मानदेय का भुगतान हो।
- मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय बैठक कर स्थाई नीति बनाई जाए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अतिउल्लाह, बलरामपुर जिला अध्यक्ष ओवैस मोनिस, मीडिया प्रभारी जाकिर हुसैन खान, वरिष्ठ शिक्षक सरफराज अंसारी, योगेंद्र यादव सहित भारी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: ‘हिमंता को नहीं बख्शेंगे, सीधे भेजेंगे जेल’, राहुल गांधी की खुली चेतावनी

