हवाई सफर हुआ महंगा, एयर इंडिया ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, जानें आपकी जेब पर कितना बढ़ेगा बोझ

Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आप आने वाले दिनों में टाटा समूह की एयरलाइन एयर इंडिया से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी जेब थोड़ी और ढीली करने के लिए तैयार हो जाइए। कंपनी ने 8 अप्रैल, 2026 से अपने फ्यूल सरचार्ज (ईंधन शुल्क) के ढांचे में बदलाव करने का फैसला किया है, जिसका सीधा असर टिकट की कीमतों पर पड़ेगा।

एयर इंडिया ने 7 अप्रैल को जारी अपने बयान में बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जेट फ्यूल (ATF) की कीमतों में आई भारी उछाल के कारण यह कदम उठाना मजबूरी बन गया है। आंकड़े गवाह हैं कि फरवरी के अंत में जो जेट फ्यूल 99.40 डॉलर प्रति बैरल था, वह मार्च के आखिरी हफ्ते तक बढ़कर 195.19 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया, यानी कीमतों में करीब 100% की रिकॉर्ड बढ़त दर्ज की गई है। एयर इंडिया ने अब फ्लैट रेट सिस्टम को खत्म कर दिया है। अब आप जितनी लंबी दूरी तय करेंगे, उतना ही ज्यादा फ्यूल सरचार्ज देना होगा।

नई दरें इस प्रकार हैं

दूरी (किलोमीटर में)-         नया फ्यूल सरचार्ज

0 से 500 किमी-                 299 रुपये
501 से 1,000 किमी-         399 रुपये
1,001 से 1,500 किमी-      549 रुपये
1,501 से 2,000 किमी-     749 रुपये
2,000 किमी से अधिक-    899 रुपये

सिर्फ देश के भीतर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी एयर इंडिया ने फ्यूल सरचार्ज में संशोधन किया है। इसका मतलब है कि विदेश यात्रा करना भी अब पहले के मुकाबले महंगा हो जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में तेजी के दो बड़े कारण हैं। कच्चे तेल (Crude Oil) की वैश्विक कीमतों में लगातार हो रहा इजाफा। रिफाइनरी मार्जिन (क्रैक स्प्रेड) में अचानक आई उछाल।

Also Read: भारत-नेपाल बॉर्डर पर कार से भारी मात्रा में नशीला सिरप बरामद, तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.