भारत-नेपाल बॉर्डर पर कार से भारी मात्रा में नशीला सिरप बरामद, तस्कर गिरफ्तार
Maharajganj News: भारत-नेपाल सीमा पर नशे के सौदागरों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने अपना शिकंजा और कस दिया है। सोमवार की शाम ठूठीबारी बॉर्डर के मुख्य गेट पर एसएसबी (SSB) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कार से प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की। इस मामले में पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीमा पर रूटीन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर सुरक्षाकर्मी तब हैरान रह गए जब कार के भीतर से कोडीन युक्त एस्कोरिल/कोरेक्स श्रेणी की 400 शीशियां बरामद हुईं।
पकड़े गए आरोपी की पहचान रेहान के रूप में हुई है, जो सोनौली का रहने वाला है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि इन दवाओं को अवैध तरीके से नेपाल की सीमा में खपाने की तैयारी थी। इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व एसएसबी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने किया, जिसमें पुलिस और एसएसबी के कई अधिकारी शामिल रहे।
सप्लाई चेन खंगाल रही है पुलिस
सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि इंडो-नेपाल बॉर्डर पर अब चेकिंग और ज्यादा सख्त की जाएगी। पुलिस और एसएसबी अब इस बात की जांच कर रही है कि रेहान के पीछे और कौन लोग शामिल हैं और यह खेप कहाँ से लाई गई थी। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
कोडीन युक्त सिरप की तस्करी उत्तर प्रदेश में एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। हाल ही में वाराणसी पुलिस ने इस काले कारोबार के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के खिलाफ 39,000 पन्नों की विशालकाय चार्जशीट दाखिल कर इतिहास रचा है। इस गिरोह का मुख्य सरगना शुभम जायसवाल और उसके पिता समेत 18 लोग आरोपी हैं। शुभम जायसवाल फिलहाल दुबई में छिपा है और उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। ठूठीबारी में हुई यह ताजा कार्रवाई इसी बड़े अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।

