बंगाल चुनाव पर चुनाव आयोग की दो टूक, न हिंसा होगी, न बूथ जाम, TMC को दिया कड़ा संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी पारा अपने चरम पर है। आरोप-प्रत्यारोप के दौर के बीच चुनाव आयोग ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को आयोग ने सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सीधा संदेश देते हुए साफ कर दिया है कि इस बार चुनाव में गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होगी।
भय और हिंसा मुक्त होगा चुनाव
चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर स्पष्ट शब्दों में लिखा कि बंगाल में इस बार चुनाव भयरहित, हिंसारहित और प्रलोभन मुक्त होंगे। आयोग ने उन सभी रास्तों को बंद करने का संकल्प दोहराया है जिनसे चुनाव प्रभावित होते हैं, जैसे- बूथ जामिंग और सोर्स जामिंग पर पूरी तरह रोक। धमकी या छापों के जरिए मतदाताओं को डराने की कोशिशों पर नकेल।
पोलिंग एजेंटों को लेकर अफवाहों पर विराम
पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया पर खबरें चल रही थीं कि मतदान के दिन पोलिंग एजेंटों को अंदर बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस पर चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं हुई है। पुराने नियम ही लागू रहेंगे और सभी दलों के एजेंटों को मतदान केंद्र के अंदर बैठने का पूरा अधिकार होगा।
सुरक्षा में 2.4 लाख जवानों की तैनाती
बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के अब तक के सबसे बड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 2,40,000 अर्धसैनिक बलों के जवान (2,400 कंपनियां) तैनात किए गए हैं। इस बार रिकॉर्ड 20,000 महिला जवानों (200 कंपनियां) को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है, जो महिला मतदाताओं की सुरक्षा और सहायता करेंगी।
Also Read: मेरठ में 48 बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलटी, पेड़ ने बचा ली मासूमों की जान

