Lucknow News: बादशाहनगर स्टेशन पर STF ने बिछाया जाल, गोण्डा के दो नामी बदमाश गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंत्राज्यीय ‘बरवार गैंग’ के सरगना और उसके प्रमुख साथी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। प्रतापगढ़ पुलिस को गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से इनकी तलाश थी और इन पर इनाम भी घोषित था। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
बादशाहनगर स्टेशन के पास बिछाया जाल
एसटीएफ फील्ड इकाई अयोध्या के पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के निर्देशन और उप निरीक्षक सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में टीम लखनऊ में भ्रमणशील थी। 7 अप्रैल की सुबह करीब 10:30 बजे सटीक मुखबिर की सूचना पर टीम ने बादशाहनगर रेलवे स्टेशन के निकास द्वार के पास घेराबंदी की और दोनों अपराधियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
हरिश्चंद्र (सरगना): निवासी धानेपुर, जनपद गोण्डा (इस पर अकेले 17 मुकदमे दर्ज हैं)।
सोहनलाल: निवासी धानेपुर, जनपद गोण्डा (इस पर 10 मुकदमे दर्ज हैं)।
बैंक और जेवर की दुकानों पर रखते थे नजर
पूछताछ में अपराधियों ने कबूल किया कि वे पिछले 15 वर्षों से ‘बरवार गैंग’ के सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रहे हैं। उनके अपराध करने का तरीका बेहद शातिर है। गैंग के सदस्य बैंक से पैसा निकालने वालों और सोने-चांदी की खरीदारी करने वालों पर नजर रखते हैं। यदि कोई व्यक्ति अधिक सक्रिय हो, तो ये एकांत स्थान पाते ही उस पर हमला कर नकदी और जेवरात छीन लेते हैं। प्रतापगढ़ के कुण्डा थाने में इन पर गैंगस्टर एक्ट (मु0अ0सं0 232/2025) के तहत केस दर्ज है।
अपराधों का काला कच्चा चिट्ठा
सरगना हरिश्चंद्र के विरुद्ध रायबरेली, बहराइच, अयोध्या, कुशीनगर, गोंडा, चित्रकूट, प्रतापगढ़, बस्ती और सुल्तानपुर सहित कई जिलों में 17 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सोहनलाल के विरुद्ध प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बलरामपुर, रायबरेली, गोंडा और बहराइच में 10 मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ ने दोनों को प्रतापगढ़ के कुण्डा थाने में दाखिल कर दिया है, जहां स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Also Read: अनाज घोटाले के आरोपी को क्यों थमाई थी प्रमुख सचिव की कुर्सी?

