अररिया में बीच सड़क पिकअप ड्राइवर का सिर कलम, फिर भीड़ ने हत्यारे को पीट-पीटकर मार डाला
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के अररिया जिले से एक ऐसी खौफनाक खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। फारबिसगंज के सुभाष चौक इलाके में गुरुवार की सुबह महज़ एक मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि खून की नदियाँ बह गईं। यहाँ सरेआम एक युवक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया, और इस जघन्य अपराध के बाद भड़की भीड़ ने आरोपी को भी पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस ‘डबल मर्डर’ से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और तनाव का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह खूनी खेल सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ। जोगबनी थाना क्षेत्र के अमोना गांव का रहने वाला 42 वर्षीय पिकअप ड्राइवर अली हुसैन मार्केटिंग यार्ड के पास खड़ा था। वहीं फारबिसगंज सुल्तान पोखर निवासी 30 वर्षीय रवि चौहान ठेले पर सत्तू बेच रहा था। बताया जा रहा है कि अली हुसैन ने रवि से किसी बात को लेकर मजाक किया, जो रवि को नागवार गुजरा।
दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि रवि आपे से बाहर हो गया। आवेश में आकर रवि ने एक धारदार चाकू निकाला और सरेराह अली हुसैन पर हमला कर दिया। हमला इतना बेरहम था कि उसने अली हुसैन का सिर धड़ से अलग कर दिया।
सड़क पर बिखरा खून और लोगों का गुस्सा
बीच सड़क पर खून से लथपथ सिर और धड़ को पड़ा देख राहगीर सिहर उठे। इस भयानक मंजर को देखकर कुछ ही देर में लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी रवि चौहान पास ही के एक घर में छिप गया था। लेकिन आक्रोशित भीड़ ने उसे ढूंढ निकाला और घसीटते हुए सड़क पर ले आई।
इसके बाद कानून को हाथ में लेते हुए भीड़ ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। रवि को लात-घूंसों और डंडों से तब तक पीटा गया, जब तक कि उसकी जान नहीं निकल गई। एक मजाक ने सुबह-सुबह दो घरों के चिराग बुझा दिए।
तनावपूर्ण स्थिति, मौके पर पहुंचे एसपी
एक ही जगह पर दो-दो हत्याओं की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर आगजनी और तोड़फोड़ भी की, जिससे शहर की स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी जितेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ फारबिसगंज पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

