अमेरिका में ट्रंप को अनफिट बताने पर मचा बवाल, उधर ईरान ने पलटा फैसला, बंद किया होर्मुज स्ट्रेट

Sandesh Wahak Digital Desk: मिडिल ईस्ट में शांति का संदेश अभी हवा में गूंजा ही था कि चंद घंटों के भीतर हालात फिर से बिगड़ गए। लेबनान पर इजरायल के ताजा हमलों ने आग में घी डालने का काम किया है। इस तनाव के बीच ईरान ने पहले तो व्यापार के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट को खोलने का संकेत दिया, लेकिन अचानक अपना रुख बदलते हुए इसे पूरी तरह बंद करने का ऐलान कर दिया। ईरान ने सीधे शब्दों में अमेरिका को चेतावनी दी है कि तय आपको करना है कि आप शांति चाहते हैं या इजरायल के जरिए जंग।

डोनाल्ड ट्रंप पर बरसे सीनेटर

एक तरफ सरहद पर तनाव है, तो दूसरी तरफ अमेरिका के भीतर राजनीतिक जंग छिड़ गई है। डेमोक्रेटिक सीनेटर क्रिस मर्फी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने ट्रंप को राष्ट्रपति पद के लिए मानसिक रूप से अनफिट’ करार देते हुए उन्हें पद से हटाने तक की अपील कर दी है। विवाद की जड़ ईरान द्वारा भेजा गया एक 10-सूत्रीय प्रस्ताव है। मर्फी ने इस प्रस्ताव को ट्रंप की सरेंडर पॉलिसी (आत्मसमर्पण की नीति) बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति देश के हितों से समझौता कर रहे हैं।

व्हाइट हाउस की सफाई, ईरान का प्रस्ताव कूड़ेदान में है

मर्फी के गंभीर आरोपों के बाद व्हाइट हाउस को बचाव में उतरना पड़ा। प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा, ईरान की ओर से आया 10-सूत्रीय प्रस्ताव इतना अव्यावहारिक था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने उसे सीधे तौर पर कूड़ेदान में फेंक दिया। उसे स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता।

लेविट ने साफ किया कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को खोलने पर सहमति तो जताई है, लेकिन अमेरिका किसी भी ऐसी शर्त को नहीं मानेगा जो केवल ईरान के हितों को ध्यान में रखकर बनाई गई हो। उन्होंने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि अगर कोई भी समझौता होता है, तो वह पूरी तरह से अमेरिकी सुरक्षा और हितों को सर्वोपरि रखकर ही किया जाएगा।

Also Read: बुनकरों की आय, सम्मान और स्थायित्व सुनिश्चित करना प्राथमिकता: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.