Lucknow News: काकोरी में हाथ-पैर बंधी महिला की खून से लथपथ मिली लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में गुरुवार की सुबह उस वक्त दहशत फैल गई, जब मदारपुर-पुरैना मार्ग पर एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर स्थानीय लोग सिहर उठे, महिला के हाथ बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। घटनास्थल पर मौजूद खून से सने कपड़े और बिखरा हुआ सामान किसी बड़ी दरिंदगी की ओर इशारा कर रहे हैं।
सुबह करीब 8 बजे जब ग्रामीण अपने काम पर निकले, तो मदारपुर गांव के बाहर खुले मैदान में उनकी नजर महिला की लाश पर पड़ी। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला की उम्र करीब 30 से 32 साल बताई जा रही है। वह नाइट वियर (मैक्सी) पहने हुई थी और नंगे पैर थी।
महिला के सिर पर गंभीर चोट थी और हाथों पर लाठी-डंडों से पिटाई के नीले निशान साफ दिखाई दे रहे थे। शव के पास ही ईंट और हार्ड प्लास्टिक का एक पाइप मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इसी से उसे पीटा गया होगा। घटनास्थल पर खून से सने पैरों के निशान भी मिले हैं, जिससे पुलिस को अंदेशा है कि महिला ने अपनी जान बचाने के लिए हमलावरों से काफी संघर्ष किया होगा।
पुलिस की कार्रवाई और शिनाख्त की कोशिश
घटना की गंभीरता को देखते हुए काकोरी पुलिस के साथ-साथ तीन थानों की टीमें जांच में जुट गई हैं। ग्रामीण प्रधान शकील और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला के साथ मारपीट के बाद दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि हत्या की असली वजह क्या थी। मृतका की शिनाख्त के लिए लखनऊ के सभी थानों और पड़ोसी जिले उन्नाव की पुलिस से संपर्क किया गया है। आसपास के इलाकों और संभावित रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।
इस खौफनाक वारदात के बाद काकोरी और आसपास के गांवों में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि वे साक्ष्य जुटा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल, शव की पहचान होना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।

