Bareilly News: जिला पूर्ति कार्यालय में अचानक पहुंचे जिलाधिकारी, बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह गुरुवार को अचानक जिला पूर्ति कार्यालय (DSRO) पहुंचे। इस औचक निरीक्षण से कार्यालय में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी ने न केवल कार्यालय के दस्तावेजों और सफाई का जायजा लिया, बल्कि वहां अपनी समस्याएं लेकर आए आम नागरिकों से सीधे संवाद कर मौके पर ही उनकी मुश्किलों का समाधान कराया।
उपस्थिति पंजिका और सफाई पर कड़ाई
निरीक्षण की शुरुआत में जिलाधिकारी ने सबसे पहले कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका (Attendance Register) खंगाली। उन्होंने कार्यालय की अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसेवा से जुड़े कार्यालयों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विवाह और तेरहवीं के लिए सिलेंडर की समस्या का समाधान
निरीक्षण के दौरान डीएम अविनाश सिंह ने देखा कि कुछ लोग गैस सिलेंडर की मांग को लेकर कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। डीएम ने स्वयं प्रार्थियों से बात की। इनमें से दो लोगों के घर में विवाह का कार्यक्रम था, जबकि एक व्यक्ति के घर में तेरहवीं का संस्कार था। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि इन जरूरतमंदों को बिना किसी देरी के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।

शादी-विवाह के लिए बनेगा विशेष रजिस्टर
जिलाधिकारी ने भविष्य में ऐसी समस्याओं को सुव्यवस्थित करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यों के लिए सिलेंडर लेने वाले लोगों का एक अलग से रजिस्टर बनाया जाए। इससे यह सुनिश्चित होगा कि विशेष आयोजनों के समय जनता को अनावश्यक भाग-दौड़ न करनी पड़े और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुविधा मिल सके।
Also Read: ‘इंटरपोल की रडार पर वाराणसी का तस्कर’, शुभम जायसवाल के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी

