मियांपुर नहीं अब रविंद्रनगर कहलाएगा खीरी का यह गांव, CM योगी ने नाम बदलने का किया ऐलान

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी के दौरे के दौरान एक बड़ा फैसला लेते हुए जिले के मियांपुर गांव का नाम बदलकर रविंद्रनगर करने की घोषणा की है। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि यह नया नाम महान कवि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के सम्मान में रखा गया है।

विपक्ष पर तीखा हमला, पहचान छिपाने की कोशिश की गई

सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण गांवों की असली पहचान मिटाई गई थी। उन्होंने कहा, पहले की सरकारों ने पहचान छिपाने के लिए इस गांव का नाम मियांपुर रख दिया था, जबकि सच्चाई यह है कि इस गांव में एक भी ‘मियां’ (मुस्लिम) परिवार नहीं रहता था।

विस्थापित परिवारों को मिला हक

लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हिंदू विस्थापितों और आदिवासी समाज के लिए सौगातों की बौछार कर दी।

331 बांग्लादेशी हिंदू परिवार: 1971 के विभाजन के दौरान आए इन परिवारों को मुख्यमंत्री ने समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का भरोसा दिया।

थारू समाज को अधिकार: थारू समाज के 4356 परिवारों को लगभग 5338 हेक्टेयर जमीन के भौमिक अधिकार पत्र सौंपे गए।

दबंगई पर लगाम: सीएम ने स्पष्ट किया कि अब न तो वन विभाग और न ही पुलिस इन लोगों को परेशान करेगी। लेखपाल या कोई दबंग अब कागजों में हेरफेर कर इनकी जमीन नहीं हड़प सकेगा।

पाकिस्तान और विपक्ष को दी चेतावनी

पाकिस्तान के हालातों पर टिप्पणी करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान के अभी और टुकड़े होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा जैसे दल हिंदू-सिखों पर होने वाले अत्याचारों पर चुप्पी साध लेते हैं। सीएम ने कहा कि विपक्ष को सिर्फ सैफई के विकास की चिंता रहती है, जबकि बीजेपी की डबल इंजन सरकार हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Also Read: नीतीश कुमार का नया ठिकाना, CM हाउस छोड़ 7 सर्कुलर रोड शिफ्ट हो रहे ‘सुशासन बाबू’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.