नीतीश कुमार का नया ठिकाना, CM हाउस छोड़ 7 सर्कुलर रोड शिफ्ट हो रहे ‘सुशासन बाबू’
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भले ही अभी आधिकारिक तौर पर अपने पद से इस्तीफा न दिया हो, लेकिन मुख्यमंत्री आवास (1 अणे मार्ग) खाली करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नीतीश कुमार का सामान अब उनके नए पते 7 सर्कुलर रोड वाले बंगले में शिफ्ट किया जा रहा है।
राज्यसभा सदस्य के तौर पर ली शपथ, अब दिल्ली में होगा ‘ठौर’
बिहार की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले नीतीश कुमार अब राज्य की सियासत से निकलकर केंद्र की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने जा रहे हैं। नीतीश कुमार ने हाल ही में बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देकर राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। राज्यसभा की शपथ लेने के साथ ही यह साफ हो गया है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। सामान की शिफ्टिंग इसी बदलाव का धरातल पर पहला बड़ा संकेत है।
7 सर्कुलर रोड से पुराना नाता
नीतीश कुमार के लिए 7 सर्कुलर रोड का बंगला कोई नया नहीं है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू की करारी हार के बाद, जब नीतीश कुमार ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए जीतन राम मांझी को सत्ता सौंपी थी, तब भी वे इसी बंगले में शिफ्ट हुए थे। जानकारी के मुताबिक, जैसे ही नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाएं शुरू हुई थीं, तभी से इस बंगले को उनके रहने योग्य तैयार करना शुरू कर दिया गया था।
बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री आवास छोड़ने की खबर ने बिहार में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। सवाल यह उठ रहा है कि नीतीश के बाद बिहार की कमान किसके हाथ में होगी? सीएम आवास से सामान का बाहर निकलना इस बात की तस्दीक करता है कि बहुत जल्द बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है।
Also Read: Varanasi News: सनकी देवर ने कुल्हाड़ी से काटकर भाभी को उतारा मौत के घाट, पैर काटकर किया अलग

