वृंदावन नाव हादसे पर भावुक हुईं सांसद डिंपल यादव, ‘लापरवाही’ पर सरकार को घेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव शनिवार को कान्हा की नगरी वृंदावन पहुंचीं। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। हालांकि, दर्शन के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे को लेकर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
बांके बिहारी मंदिर में पारंपरिक स्वागत
मंदिर पहुंचने पर सेवायतों के सानिध्य में डिंपल यादव ने ठाकुर जी के दर्शन किए। गोस्वामी समाज ने सपा सांसद का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए उन्हें अंग वस्त्र, माला और प्रसादी भेंट की। सांसद के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, वहीं सपा कार्यकर्ताओं ने भी अपनी नेता का जोरदार अभिनंदन किया।
हादसे पर जताया दुख: “ओवरलोडिंग ले रही श्रद्धालुओं की जान”
यमुना नदी में हुए नाव हादसे का जिक्र करते हुए डिंपल यादव भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा “श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ वृंदावन आते हैं, लेकिन उनके साथ ऐसी दुखद घटना होना हृदय विदारक है। यह हादसा सीधे तौर पर व्यवस्थाओं की चूक और नावों की ओवरलोडिंग का नतीजा है। अगर नियमों की अनदेखी जारी रही, तो मासूम लोगों को इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी।”
सरकार को नसीहत और व्यवस्थाओं पर टिप्पणी
डिंपल यादव ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, यह सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। हालांकि, उन्होंने मंदिर में दर्शन के लिए गठित हाई पावर्ड कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए वर्तमान दर्शन व्यवस्था पर संतोष भी जताया।
Also Read: बिहार में सरकारी कर्मचारियों के लिए नया सोशल मीडिया नियम, रील बनाने और सरकार की आलोचना पर रोक

