दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन, संगीत के एक स्वर्णिम युग का अंत
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपनी जादुई आवाज से सात दशकों तक करोड़ों दिलों पर राज करने वाली महान गायिका आशा भोसले ने 92 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके निधन की खबर से न केवल बॉलीवुड बल्कि पूरी दुनिया में फैले उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।
आशा ताई पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। शनिवार को कार्डिएक अरेस्ट और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण के कारण उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह उनकी पोती जनाई भोसले ने उनकी हालत नाजुक होने की जानकारी दी थी, जिसके कुछ ही समय बाद संगीत की यह मल्लिका अनंत यात्रा पर निकल गईं।
12 हजार से ज्यादा गाने और 20 भाषाएं
स्वर्गीय लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा भोसले ने अपने करियर में वह मुकाम हासिल किया जो किसी सपने जैसा है। उन्होंने विभिन्न भारतीय भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए। उन्होंने मधुबाला और मीना कुमारी से लेकर काजोल और उर्मिला मातोंडकर तक, बॉलीवुड की हर पीढ़ी की अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी। ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘दम मारो दम’ और ‘अभी ना जाओ छोड़कर’ जैसे उनके हजारों गीत आज भी हर जुबान पर रहते हैं।
अंतरराष्ट्रीय सम्मान और उपलब्धियां
आशा भोसले केवल भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर सम्मानित कलाकार थीं। वे ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नामांकित होने वाली पहली भारतीय गायिका थीं। उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण और सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया था। 90 वर्ष की आयु में भी उनका जज्बा कम नहीं हुआ था और 2023 में उन्होंने दुबई में एक भव्य लाइव कॉन्सर्ट कर सबको हैरान कर दिया था।
फिल्म जगत में छाया मातम
उनके निधन पर हेमा मालिनी, सायरा बानो, कैलाश खेर और अदनान सामी सहित पूरी इंडस्ट्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हेमा मालिनी ने भावुक होते हुए कहा, आशा ताई का जाना व्यक्तिगत क्षति है, लता जी और उनके साथ मेरा रिश्ता बहुत अपनेपन का था। सायरा बानो ने कहा कि हम सभी खुशनसीब थे जो ‘आशा ताई’ के दौर में पैदा हुए और उनसे जुड़ सके।
Also Read: भाजपा ने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप, पीएम मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर मांगा सबका साथ

