बीजेपी ने इंस्टाग्राम स्टार अंकिता परमार को बनाया उम्मीदवार, वडोदरा की पोर सीट पर अपने खफा
Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 26 अप्रैल को होने वाली वोटिंग के लिए बीजेपी ने वडोदरा जिला पंचायत की पोर सीट से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और इंस्टाग्राम स्टार अंकिता रौनक परमार को मैदान में उतारा है। पार्टी को उम्मीद है कि अंकिता की युवाओं में लोकप्रियता चुनाव में जीत की गारंटी बनेगी, लेकिन इस फैसले ने पार्टी के भीतर ही बगावत की आग सुलगा दी है।
टिकट मिलते ही पार्टी में बगावत
अंकिता को टिकट दिए जाने से बीजेपी के पुराने और जमीनी कार्यकर्ता नाराज नजर आ रहे हैं। इस नाराजगी का सबसे बड़ा चेहरा नयना परमार बनी हैं। टिकट न मिलने से खफा नयना ने अब निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। नयना की जमीनी स्तर पर पकड़ काफी मजबूत है। ऐसे में माना जा रहा है कि वे अंकिता के वोटों में सेंध लगा सकती हैं, जिसका सीधा फायदा विपक्षी पार्टियों को मिल सकता है।
कौन हैं अंकिता परमार
अंकिता परमार केवल एक सोशल मीडिया चेहरा नहीं हैं, बल्कि उनका राजनीतिक जुड़ाव भी पुराना है। वडोदरा में जन्मी अंकिता ने रायपुर की कलिंगा यूनिवर्सिटी से बीकॉम किया है। उनके ससुर पिछले 45 सालों से सक्रिय राजनीति में हैं। अंकिता 5 साल पहले वडोदरा तालुका पंचायत की सदस्य चुनी गई थीं और ढाई साल तक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाली। अंकिता का अपना जिम है और वे इंस्टाग्राम पर अक्सर फिटनेस वीडियो के जरिए लोगों को जागरूक करती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें कई बार मॉडलिंग के ऑफर मिले, लेकिन राजनीति में करियर बनाने के लिए उन्होंने सबको मना कर दिया।
क्या फॉलोअर्स बदलेंगे वोट में
इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स रखने वाली अंकिता इन दिनों पोर सीट पर जमकर पसीना बहा रही हैं। वे महिलाओं की आजादी और सशक्तिकरण के मुद्दे पर वोट मांग रही हैं। हालांकि, चुनाव में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सोशल मीडिया पर मिलने वाले ‘लाइक्स’ और ‘कमेंट्स’, पोलिंग बूथ पर ‘वोट’ में तब्दील हो पाएंगे?
चुनाव का शेड्यूल- मतदान: 26 अप्रैल, नतीजे: 28 अप्रैल को।

